---Advertisement---

मेक्सिको: बंदूकधारियों ने फुटबॉल मैदान में की अंधाधुंध गोलीबारी, 11 लोगों की मौत; 12 घायल

On: January 26, 2026 12:17 PM
---Advertisement---

मेक्सिको सिटी: मध्य मेक्सिको के गुआनाजुआतो राज्य में रविवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक फुटबॉल मैदान में अंधाधुंध गोलीबारी से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए। यह घटना सलामांका शहर में उस समय हुई जब फुटबॉल मैच समाप्त हो चुका था और खिलाड़ी व दर्शक मैदान से निकल रहे थे।


सलामांका के मेयर सीजर प्रिएटो ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर बताया कि हथियारबंद हमलावर मैच खत्म होने के तुरंत बाद मैदान में घुसे और फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया।


मेयर के अनुसार, घायलों में एक महिला और एक नाबालिग भी शामिल हैं, जिनका इलाज नजदीकी अस्पतालों में चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।


सीजर प्रिएटो ने इस घटना को शहर में चल रही आपराधिक हिंसा की लहर से जोड़ते हुए कहा कि यह हमला संगठित अपराध का परिणाम है। उन्होंने राष्ट्रपति क्लाउडिया शाइनबाम से अपील की कि केंद्र सरकार हिंसा पर काबू पाने के लिए राज्य को विशेष सहायता प्रदान करे।


वहीं, गुआनाजुआतो राज्य के अभियोजक कार्यालय ने बताया कि मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए संघीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय किया जा रहा है और इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं।
मेयर प्रिएटो ने यह भी कहा कि पिछले साल मेक्सिको में सबसे अधिक हत्याएं गुआनाजुआतो राज्य में दर्ज की गई थीं। यहां सक्रिय स्थानीय गिरोह ‘सांता रोजा डी लीमा’ और देश के सबसे शक्तिशाली आपराधिक संगठनों में से एक ‘जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल’ के बीच लंबे समय से संघर्ष चल रहा है।


उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कुछ आपराधिक समूह सरकारी अधिकारियों को अपने प्रभाव में लेने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन ऐसी किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने देगा।
गौरतलब है कि मेक्सिको में बड़े पैमाने पर संगठित अपराध और ड्रग कार्टेलों के बीच चल रही हिंसा आम बात हो गई है। इन आपसी गैंगवार का खामियाजा अक्सर आम नागरिकों को भुगतना पड़ता है। सार्वजनिक स्थानों पर गोलीबारी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिनमें निर्दोष लोग अपनी जान गंवा रहे हैं।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now