
रांची:अगर आपका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या उसमें कोई त्रुटि रह गई है, तो उसे सुधारने का अवसर जल्द मिलने वाला है। झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के पहले चरण के पूरा होने के बाद 5 अगस्त से दावा और आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इस संबंध में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) के. रवि कुमार ने शनिवार को राज्य के सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों, निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों (AERO), अतिरिक्त AERO तथा उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में अधिकारियों को दावा-आपत्ति की प्रक्रिया, आवेदन के सत्यापन और समयबद्ध निष्पादन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक आवेदन का निष्पक्ष तरीके से परीक्षण किया जाए, ताकि कोई भी योग्य भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि किसी भी अपात्र या विदेशी नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो।
बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों के निर्वाचन अधिकारियों ने भाग लिया। इनमें रांची के अवर निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, लोहरदगा के उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार, धनबाद के उप निर्वाचन पदाधिकारी कालिदास मुंडा, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह समेत सभी विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ, एईआरओ और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।





