
झारखंड वार्ता
रमना (गढ़वा)। शारदीय नवरात्र को लेकर रमना प्रखंड मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में भक्ति और उत्साह का माहौल है। विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ आकर्षक सजावट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनंत प्रताप देव ने रमना प्रखंड मुख्यालय स्थित विभिन्न पूजा पंडालों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
विधायक ने सूर्या क्लब रमना, नवयुवक संघ कबीसा सहित विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचकर आयोजित भक्ति जागरण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक है। मां दुर्गा की आराधना हमें अन्याय, अधर्म और बुराइयों के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा देती है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करते हैं।
नवरात्र शक्ति, भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का पर्व : शांति देवी
जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी ने कहा कि नवरात्र का पर्व शक्ति, भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है। पूजा पंडालों में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम हमारी लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों और युवाओं को अपनी संस्कृति को समझने तथा उससे जुड़ने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा जैसे पर्वों को सफल बनाने में पूजा समितियों, स्थानीय युवाओं, व्यवसायियों और आम श्रद्धालुओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सभी के सामूहिक प्रयास से ही धार्मिक आयोजन भव्य और व्यवस्थित रूप से संपन्न होते हैं।
शांति देवी ने लोगों से दुर्गापूजा और दशहरा का पर्व आपसी सौहार्द, प्रेम और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में सामाजिक एकता और शांति प्रभावित नहीं होनी चाहिए। रमना क्षेत्र की आपसी एकता और सामाजिक सद्भाव यहां की पहचान है। सभी लोग मिलकर इस परंपरा को बनाए रखें और पर्व को हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराएं।
मौके पर ये लोग थे मौजूद
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि रोहित वर्मा, मुन्ना प्रसाद, नरेश प्रसाद, मुन्ना पासवान सहित कई लोग मौजूद थे।







