झारखंड वार्ता संवाददाता
गढ़वा। गढ़वा शहर को स्वच्छ, सुंदर और रोशनी से जगमग बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने “जगमग गढ़वा” परियोजना के लिए अपने विधायक निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की है। इस राशि से नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न वार्डों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों पर बिजली एवं प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा।
बुधवार को नगर परिषद अध्यक्ष दौलत सोनी के नेतृत्व में नगर परिषद का एक प्रतिनिधिमंडल परिसदन में विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी से मिला। इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा वार्ड पार्षदों ने शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। विधायक ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए सभी सदस्यों को सम्मानित भी किया।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने कहा कि गढ़वा शहर के समग्र विकास के लिए वे पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे शहर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने के लिए पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है तथा इसके लिए राज्य और केंद्र सरकार से लगातार सहयोग लाने का प्रयास किया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि “जगमग गढ़वा” परियोजना के तहत शहर की गलियों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर आधुनिक लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी, जिससे रात में भी शहर सुरक्षित और आकर्षक नजर आएगा। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रकाश व्यवस्था से न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि आम लोगों को भी काफी सुविधा मिलेगी।
नगर परिषद अध्यक्ष दौलत सोनी ने विधायक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शहर के विकास में विधायक का सहयोग लगातार मिल रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर परिषद इस राशि का सदुपयोग करते हुए सभी वार्डों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करेगी।
बैठक में विधायक ने वार्ड पार्षदों से स्थानीय समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर समाधान की दिशा में कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता, निगरानी और जवाबदेही जरूरी है, तभी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचेगा। इधर सभी ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से शहर के विकास को नई गति मिलेगी।
मौके पर नगर परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि घनश्याम गुप्ता उर्फ पुतुल, वार्ड पार्षद सुनील कुमार, पार्षद प्रतिनिधि अप्पू, उमेश कश्यप, राजू कुशवाहा, मुकेश दास, सुभाष गौड़, विशाल गुप्ता सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।













