---Advertisement---

फ्लाइंग विंग्स पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनी जन्माष्टमी, नन्हें-मुन्नों की रास-लीला ने मोहा मन

On: August 14, 2025 4:32 PM
---Advertisement---



शुभम जायसवाल

श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। नपं क्षेत्र के जंगीपुर स्थित फ्लाइंग विंग्स पब्लिक स्कूल में गुरुवार को जन्माष्टमी पर्व का भव्य आयोजन किया गया। सुबह से ही विद्यालय परिसर को फूलों, झालरों और रंगोली से सजाया गया था। बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचकर वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत श्रीकृष्ण वंदना से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने मधुर स्वर में भगवान का गुणगान किया। इसके बाद मंच पर सजीव झांकी प्रस्तुत की गई, जिसमें बाल गोपाल का रूप धारण किए नन्हे-मुन्नों ने सभी का मन मोह लिया। श्रीकृष्ण-राधा की लीलाओं पर आधारित नाटक में माखन चोरी, गोवर्धन लीला, कालिया नाग दमन और कंस वध जैसी घटनाओं का जीवंत चित्रण किया गया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

विद्यालय के लघु छात्रों ने रास-लीला नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को और भी रंगीन बना दिया। नृत्य की सुंदर ताल और भाव-भंगिमाओं ने सभी को ऐसा लगा मानो ब्रज की गलियों में ही रास हो रही हो। इस दौरान ‘मटकी फोड़’ प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों ने टीम बनाकर ऊंचाई पर बंधी मटकी तक पहुंचने का रोमांचक प्रयास किया।

कार्यक्रम में अभिभावकों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया और बच्चों की प्रतिभा को सराहा और कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन बच्चों में भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना जगाते हैं।

इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या श्वेता प्रकाश ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, धर्म और प्रेम का प्रतीक है। उन्होंने बच्चों से श्रीकृष्ण की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का आह्वान किया और बताया कि अगर हम प्रेम और सहिष्णुता के मार्ग पर चलें, तो समाज में शांति और सौहार्द स्थापित हो सकता है। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now