July 26, 2026

हाथरस में सत्संग के दौरान मची भगदड़ में 122 लोगों की मौत, कई गंभीर रूप से घायल

Point-Blur_Jul022024_175749.jpg

उत्तरप्रदेश: हाथरस में भोले बाबा के सत्संग के दौरान मची भगदड़ में 122 लोगों की मौत हो गई है। कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की संख्या अभी और बढ़ने की संभावना है। सीएम योगी आदित्‍यनाथ बुधवार को हाथरस जाएंगे। हाथरस पहुंचकर वे मृतकों के परिजनों से मिलेंगे।

20 श्रद्धालुओं के शव एटा भेजे गए हैं। कई शव हाथरस और अलीगढ़ लाए गए हैं। हादसे के बाद इतने घायल पहुंचे कि सरकारी अस्पताल में स्ट्रेचर भी कम पड़ गए। लोग भीड़ और लाशों के बीच बदहवास हालत में अपनों की तलाश रहते दिखाई दे रहे हैं।

सीएम योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है साथ ही घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। एडीजी आगरा जोन व कमिश्नर अलीगढ़ को घटना की जांच का निर्देश मुख्यमंत्री ने दिया है। चीफ सेक्रेटरी मनोज कुमार सिंह और डीजीपी प्रशांत कुमार हाथरस रवाना हो गए हैं।

हाथरस के सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव फुलराई में भोले बाबा का प्रवचन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान उम्मीद से ज्यादा भीड़ आ गई थी। इसी दौरान लोग भीड़ के कारण परेशान होने लगे। अत्यधिक भीड़ और गर्मी के कारण लोग बेहोश होने लगे तो भगदड़ मच गई। इसमें लोग जमीन पर गिरे तो उन्हें कुचलते हुए अन्य लोग निकलने लगे। जिससे ये बड़ा हादसा हो गया।

ख़बर को शेयर करें।