रांची में एक दिन में दो हत्या का मामला सामने आया है. यहां चुटरूडीह में मां की हत्या कर दी गयी, जबकि हटिया कॉलोनी में छोटे भाई की चापड़ से काटकर हत्या कर दी गयी.
रांची के चुतरुडीह गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. आरोप है कि मंगलवार की रात नंदलाल महतो ने अपनी 69 वर्षीय मां भोला देवी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक, घटना के वक्त आरोपी अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट कर रहा था. इसी दौरान उसकी मां से किसी बात पर बहस हो गई। गुस्से में आकर आरोपी ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे भोला देवी की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी ग्रामीणों को बुधवार सुबह हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. इसी तरह हटिया कॉलोनी में भी एक युवक की चापड़ से काटकर हत्या कर दी गयी.
घटना की जानकारी मिलते ही बुधवार की सुबह राहे थाना प्रभारी अभिषेक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी अक्सर घरेलू विवाद को लेकर अपनी पत्नी से मारपीट करता था। आरोपी की तीन बेटियां और एक बेटा है। घटना के बाद पूरा परिवार सदमे में है. हालांकि, पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की वजह की पुष्टि हो सकेगी.
जमीन विवाद में छोटे भाई की हत्या कर दी गई
रांची के हटिया रेलवे कॉलोनी के सोलंकी में एक युवक की चापड़ से काटकर हत्या कर दी गयी. युवक के बड़े भाई ने मंगलवार देर रात वारदात को अंजाम दिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि बड़े और छोटे भाई के बीच पुश्तैनी जमीन के विवाद के चलते घटना को अंजाम दिया गया है. मृतक का नाम आकाश ओरांव (26) है और वह हटिया रेलवे कॉलोनी स्थित झुग्गी बस्ती में रहता था. मामले को गंभीरता से लेते हुए जगन्नाथपुर थाने की पुलिस ने आरोपी सूरज उरांव को गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के अनुसार मंगलवार की दोपहर आकाश और उसके बड़े भाई सूरज उरांव के बीच जमीन बेचने को लेकर विवाद हो गया. दोनों की मां ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया। इसी बीच मां धनिया तिर्की सूरज उरांव को अपने साथ क्वार्टर में ले आयी. रात में उसे खाना भी दिया गया, लेकिन सूरज ने खाना नहीं खाया. कुछ देर बाद सूरज चापड़ लेकर घर से निकला और अपने छोटे भाई आकाश के घर की ओर भागा। रात करीब दस बजे आकाश अपनी पत्नी के साथ घर में सो रहा था। सूरज ने लात मारकर दरवाजा खोला और आकाश पर चापड़ से हमला कर दिया। उसके जबड़े, चेहरे और गर्दन पर गंभीर वार किए गए. हालांकि, आकाश की पत्नी ने भी आरोपियों को रोकने की कोशिश की. लेकिन, आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद जगन्नाथपुर पुलिस मौके पर पहुंची. शव को अपने कब्जे में लेकर बुधवार को रिम्स में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया. इस मामले में आकाश की मां धनिया तिर्की के बयान पर सूरज के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस ने कहा- घटना के वक्त आरोपी नशे में था
पुलिस के मुताबिक सूरज और आकाश की सोलंकी में पुश्तैनी जमीन है। एक भाई उस जमीन को बेचना चाहता था और दूसरा भाई इसमें बाधा डाल रहा था. सूरज अपने छोटे भाई को जमीन के कागजात भी नहीं दे रहा था. इसे लेकर दोनों भाइयों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक दोनों भाई अत्यधिक शराब भी पीते थे. घटना के वक्त सूरज भी शराब के नशे में था.


