मझिआंव (गढ़वा): नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो चुकी हैं। इसी क्रम में वार्ड पार्षद पद हेतु नामांकन की प्रक्रिया प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय में जारी है। विभिन्न वार्डों से प्रत्याशियों द्वारा नामांकन दाखिल किया जा रहा है, जिससे कार्यालय परिसर में दिनभर चहल-पहल बनी रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या 4 से पूर्व वार्ड पार्षद बीना देवी ने पुनः अपना नामांकन दाखिल किया। वहीं वार्ड पार्षद पद की प्रत्याशी गीता देवी ने भी नामांकन पत्र भरा। इसके अलावा वार्ड संख्या 3 से विकास कुमार सिंह उर्फ विक्की सिंह ने नामांकन लिया। इनके साथ-साथ अन्य कई वार्डों के प्रत्याशियों ने भी वार्ड पार्षद पद के लिए नामांकन दाखिल किया।
नामांकन प्रक्रिया के उपरांत वीडियो सहायक निर्वाची पदाधिकारी (वीडीओ सह आरो) श्रीमती कनक ने सभी प्रत्याशियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों से अवगत कराते हुए आय-व्यय से संबंधित विवरण सूचीबद्ध कर नियमित रूप से संधारित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चुनाव के दौरान खर्च का लेखा-जोखा पारदर्शी रूप से रखना अनिवार्य है।

बताते चलें कि नामांकन के दौरान प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। वार्ड पार्षद प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ नामांकन करने पहुंचे। प्रत्याशियों के साथ सैकड़ों की संख्या में समर्थकों की मौजूदगी से परिसर में काफी रौनक रही।

नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदाताओं और प्रत्याशियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। जैसे-जैसे नामांकन की तिथि आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे चुनावी गतिविधियों में भी तेजी आ रही है।














