---Advertisement---

लातेहार: गढ़वा में प्रेमिका संग रंगे हाथों धराए निलंबित सीओ का नया कांड, नशे में धुत होकर शिव बारात में मचाया उत्पात; हिरासत में

On: February 16, 2026 12:19 PM
---Advertisement---

लातेहार: जिले के मनिका थाना क्षेत्र अंतर्गत पचफेड़ी के पास महाशिवरात्रि के अवसर पर निकली शिव बारात के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक अनियंत्रित थार वाहन ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस घटना से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, थार वाहन मेदिनीनगर से रांची की ओर जा रही थी। वाहन को गढ़वा जिले के मझिआंव अंचल के निलंबित अंचल अधिकारी (सीओ) प्रमोद कुमार चला रहे थे। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह नशे की हालत में थे। वाहन में उनके साथ एक महिला भी सवार थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शिव बारात की झांकी देखने के लिए सड़क के दोनों ओर श्रद्धालु मौजूद थे। इसी दौरान तेज रफ्तार थार वाहन ने एक बाइक और एक चारपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। टक्कर के बाद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

घटना के बाद जब स्थानीय लोगों ने देखा कि वाहन पर ‘डिप्टी कलेक्टर’ का बोर्ड लगा हुआ है और अंदर प्रशासन लिखा हुआ बोर्ड भी रखा है, तो लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

हालात बिगड़ते देख मनिका थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए भीड़ को शांत कराया और निलंबित सीओ प्रमोद कुमार को भीड़ से सुरक्षित निकालते हुए थार वाहन सहित हिरासत में ले लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और वाहन चालक के नशे में होने की भी पुष्टि की जा रही है। संबंधित धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद कुछ समय तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति पर जल्द ही नियंत्रण पा लिया गया।

बता दें कि 1 नवंबर, 2025 को गढ़वा जिले के मझिआंव अंचल के सीओ प्रमोद कुमार को उनकी पत्नी ने प्रेमिका के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया था, जिसके बाद जमकर हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ था। जिसके बाद कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग की ओर से अधिसूचना जारी कर प्रमोद कुमार को निलंबित कर दिया था।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now