रामनवमी शांतिपूर्ण संपन्न होने पर पुलिस का सम्मान, थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार बोले—जनता के सहयोग से ही संभव हुआ सफल आयोजन
झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): श्रीराम सेना कमिटी के तत्वावधान में रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए स्थानीय पुलिस के प्रति आभार प्रकट किया गया। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में समिति के सदस्यों ने प्रशासनिक अधिकारियों के सहयोग की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस दौरान रामनवमी जुलूस को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने और उत्कृष्ट कार्य के लिए थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार को श्रीराम सेना की ओर से सम्मानित किया गया। समिति के सदस्यों ने उन्हें चुनरी,जय श्री राम का पट्टा ओढ़ाकर एवं मोमेंटो देकर सम्मानित करते हुए कहा कि उनकी सक्रियता और कड़ी मेहनत से पूरे शहर में शांति और व्यवस्था बनी रही।
श्रीराम सेना के अध्यक्ष रजनीकांत भोलू ने कहा कि थाना प्रभारी के सहयोग से ही इतने बड़े आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सका। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन दिन-रात मुस्तैद रहकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करता रहा, जिसके लिए वे धन्यवाद के पात्र हैं। थाना प्रभारी पूरी रात अपने दल बल के साथ इलाके में गश्त करते रहे। जिसके फलस्वरूप शांतिपूर्ण शांतिपूर्ण संपन्न हो गया।
थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने सम्मान के लिए श्रीराम सेना एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रामनवमी जैसे बड़े धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना पुलिस के लिए एक चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी होती है। यह सफलता सिर्फ पुलिस प्रशासन की नहीं, बल्कि शहरवासियों, आयोजकों और सभी समितियों के सहयोग का परिणाम है। सभी लोगों ने अनुशासन और आपसी भाईचारे का परिचय दिया, जिससे पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सका। हमारा प्रयास रहता है कि हर नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करे.
मौके पर उपाध्यक्ष शुभम जायसवाल, नित्यानंद कुमार, मिंटू कुमार, कमलेश मेहता, आशीष कुमार सहित समिति के कई सदस्य उपस्थित थे।
