रांची:निसान मोटर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने भारतीय बाजार में अपनी नई 7-सीटर एमपीवी ‘ग्रेवाइट’ को 5.65 लाख रुपये की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत पर लॉन्च किया। कंपनी ने इसे अपने ‘बोल्ड इंडिया रीसर्जेंस’ अभियान का अहम कदम बताया है। ग्रेवाइट को आधुनिक भारतीय परिवारों की जरूरतों के अनुरूप डिजाइन किया गया है, जिसमें 2 से 7 सीटिंग कॉन्फिगरेशन और 625 लीटर तक बूट स्पेस की सुविधा मिलती है।

लॉन्च के दौरान निसान और इनफिनिटी के डिवीजनल वाइस प्रेसिडेंट एवं मिडिल ईस्ट, केएसए, सीआईएस और भारत के प्रेसिडेंट थियरी सबाग ने कहा कि भारत निसान की वैश्विक रणनीति के केंद्र में है। ग्रेवाइट का लॉन्च कंपनी के दीर्घकालिक निवेश, लोकल मैन्युफैक्चरिंग और नेटवर्क विस्तार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि चेन्नई प्लांट में इसका निर्माण ‘मेड इन इंडिया’ विजन को मजबूती देता है।
निसान मोटर इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर सौरभ वत्स ने कहा कि ग्रेवाइट भारतीय परिवारों की आकांक्षाओं और रोजमर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इसमें 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, वायरलेस कनेक्टिविटी और आधुनिक डिजिटल फीचर्स शामिल हैं। ग्रेवाइट पांच रंगों में उपलब्ध होगी और इसके टॉप वेरिएंट की कीमत 8.49 लाख रुपये तक है। कंपनी को उम्मीद है कि यह मॉडल प्रतिस्पर्धी एमपीवी सेगमेंट में नई पहचान बनाएगा।












