जमशेदजी नसरवान जी की जयंती पर टाटा समूह ने दी श्रद्धांजलि
जमशेदपुर:टाटा स्टील के संस्थापक जमशेदजी नसरवानजी टाटा की 187वीं जयंती के मौके पर टाटा समूह के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा कि टाटा स्टील और टाटा समूह का जन्म स्थान जमशेदपुर है इस कारण यहां पर कंपनी का फोकस रहेगा ही। उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि करीब 11000 करोड रुपए का निवेश टाटा स्टील और टाटा समूह यहां करने जा रहा है. उन्होंने टाटा समूह के फ्यूचर प्लान के बारे में बताया कि आने वाले दिनों में एआई से संबंधित कई सारी रोजगार की संभावना बढ़ेगी और वर्तमान के 11 लाख कर्मचारियों का बल टाटा समूह में काम कर रहा है जिसकी संख्या बढ़कर 15 लाख हो जाएगी, जिसमें महिलाओं और युवाओं को अवसर प्रदान किया जाएगा.
![]()
उन्होंने मौजूदा युद्ध के हालात के बारे में चर्चा करते हुए बताया कि वर्तमान परिस्थितियों उन लोगों के नियंत्रण में है लेकिन इस तरह के हालात अभी और बढ़ेंगे तो कुछ हालात टाटा समूह में भी बदल सकते हैं लेकिन फिलहाल चिंता का विषय नहीं है. उन्होंने बताया कि टाटा स्टील का ईरान से लाइमस्टोन आता है जिस कारण वहां से कुछ आपूर्ति में दिक्कतें होंगी लेकिन वैकल्पिक व्यवस्था टाटा स्टील के पास है इस कारण कोई चिंता का विषय नहीं है.

इस मौके पर टाटा स्टील कंपनी परिसर के अंदर टाटा संस और टाटा ट्रस्ट चेयरमैन एन चंद्रशेखरन, टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा, टाटा स्टील के एमडी सह सीईओ टीवी नरेन्द्रन के अलावा कंपनी के अन्य पदाधिकारियों ने जमशेदजी नसरवानजी टाटा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

कंपनी परिसर में श्रद्धांजलि देने के बाद टाटा संस, टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन और टाटा स्टील के एमडी बिष्टुपुर स्थित पोस्टल पार्क पहुंचे और जेएन टाटा की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान झारखंड के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता भी मौजूद रहीं.

टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने मीडिया से बातचीत में वर्तमान युद्ध के हालात पर चर्चा करते हुए कहा कि मिडिल ईस्ट से टाटा समूह को लाइमस्टोन का आयात होता है और समूह का व्यापार वैश्विक स्तर पर संचालित है. उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल युद्ध का टाटा समूह या भारत पर सीधा असर नहीं पड़ा है, लेकिन यदि स्थिति लंबे समय तक बनी रहती है तो व्यवसाय, आपूर्ति शृंखला, माल की डिलीवरी और सस्टेनेबिलिटी पर प्रभाव पड़ सकता है.
टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने आगे कहा कि टाटा समूह के कर्मचारी विश्वभर में मैन्युफैक्चरिंग, सर्विसेज, होटल और अन्य क्षेत्रों में कार्यरत हैं. ऐसे में सभी कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुरक्षा समूह की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज की वित्तीय स्थिति पर उन्होंने कहा कि नई तकनीक आने पर रोजगार को लेकर आशंका स्वाभाविक है, लेकिन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से स्टील, ऑटोमोबाइल, फाइनेंस सहित विभिन्न क्षेत्रों में नए अवसर पैदा होंगे. इसका लाभ टीसीएस को भी मिलेगा
आपको बता दें कि भारत में इस्पात उद्योग में क्रांति लाने वाले जमशेदजी नसरवानजी टाटा का जन्म 3 मार्च 1839 में गुजरात में हुआ था. जेएन टाटा बचपन से ही प्रतिभाशाली थे, उनकी दूरगामी सोच का परिणाम था कि आजादी से पूर्व एक छोटे से शहर में 1908 में टाटा स्टील की स्थापना हुई. आज टाटा स्टील देश की पहली मेक इन इंडिया कंपनी है. जेएन टाटा कंपनी के कर्मचारियों के साथ शहर को बेहतर बनाना चाहते थे. 1904 में उनके निधन के बाद उनके पुत्र दौराबजी टाटा ने टाटा स्टील की स्थापना की. उस वक्त शहर का नाम कालीमाटी था. 1919 में लॉर्ड चेम्सफोर्ड शहर आये थे और उन्होंने जमशेदजी नसरवानजी टाटा के सम्मान में शहर का नाम कालीमाटी से बदल कर जमशेदपुर रख दिया. आज जमशेदपुर को जेएन टाटा के सपनों का शहर कहा जाता है.









