झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। स्थानीय विधायक अनंत प्रताप देव की पहल पर लगभग पांच माह बाद अनुमंडलीय अस्पताल में पुनः एंबुलेंस सेवा बहाल हो गई। एंबुलेंस उपलब्ध होने से अब गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पतालों तक पहुंचाने में सहूलियत होगी। मंगलवार को विधायक की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि सह झामुमो जिला उपाध्यक्ष मुक्तेश्वर पांडेय ने अस्पताल प्रबंधक सुचित्रा कुमारी को एंबुलेंस की चाभी सौंपकर सेवा का शुभारंभ किया।
एंबुलेंस सेवा शुरू होने पर अस्पताल परिसर में मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों एवं स्थानीय लोगों ने खुशी जताई। इस अवसर पर मुक्तेश्वर पांडेय ने कहा कि नवंबर माह से अस्पताल में एंबुलेंस सेवा बंद रहने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से गंभीर मरीजों को रेफर किए जाने के दौरान निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता था, जिससे आर्थिक बोझ भी बढ़ जाता था।
उन्होंने कहा कि विधायक अनंत प्रताप देव ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग से लगातार संपर्क बनाए रखा, जिसके परिणामस्वरूप अस्पताल को नई एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई। उन्होंने बताया कि विधायक क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। इसी क्रम में जल्द ही विधायक निधि से आधुनिक सुविधाओं से लैस एक और एंबुलेंस उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि मरीजों को और बेहतर स्वास्थ्य सेवा मिल सके।
अस्पताल प्रबंधन एवं स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस उपलब्ध कराने पर विधायक अनंत प्रताप देव एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि एंबुलेंस सेवा शुरू होने से क्षेत्र के गरीब और जरूरतमंद मरीजों को काफी राहत मिलेगी।
मौके पर स्वास्थ्य प्रतिनिधि आशीष अग्रवाल, अल्पसंख्यक मोर्चा के विधायक प्रतिनिधि तस्लीम खान, नगर पंचायत प्रतिनिधि कमलेश मेहता, झामुमो शहरी प्रखंड अध्यक्ष अजय प्रसाद, झारखंड युवा मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष रजनीकांत मधुर उर्फ भोलू, नगर पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि आशीष कुमार, प्रताप जायसवाल, सुधीर प्रसाद, धीरज कुमार, मिंटू कुमार, अस्पताल के प्रधान सहायक राजेश कुमार सिन्हा, एकाउंटेंट राजीव कुमार, अनुरंजन पांडेय सहित अस्पताल के कई कर्मी उपस्थित थे।
विधायक अनंत प्रताप देव की पहल पर पांच माह बाद बंशीधर नगर अनुमंडलीय अस्पताल में बहाल हुई एंबुलेंस सेवा










