पलामू: जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पांकी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अफीम जैसे मादक पदार्थ की तस्करी करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब 800 ग्राम अफीम, दो मोबाइल फोन और 800 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक को 29 जनवरी 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग टेंपू में सवार होकर मादक पदार्थ लेकर रजवाडीह चौक पहुंचेंगे और वहां से ट्रेन पकड़कर झारखंड के बाहर जाने की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना प्रभारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
रजवाडीह चौक पर चेकिंग के दौरान पकड़े गए आरोपी
सूचना के सत्यापन के बाद संध्या गश्ती पदाधिकारी व पुलिस कर्मियों द्वारा रजवाडीह चौक पर टेंपू व अन्य वाहनों की सघन जांच शुरू की गई। इसी दौरान एक टेंपू से दो युवक बैग लेकर उतरे, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उनके बैग से अफीम जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे यह अफीम ग्राम ताल, तरहसी निवासी तेवर यादव से खरीदकर जालंधर (पंजाब) बेचने के लिए ले जा रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस ने दोनों युवकों को विधिवत गिरफ्तार कर थाना लाया, जहां बरामद सामानों की जब्ती सूची तैयार की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है
1. सूचित भुईयां, पता – ग्राम पथरा कला, पो०+थाना पोंकी, जिला – पलामू।
2. कुलेन्द्र भुईयां, पता – ग्राम रिमी रामपुर, थाना – लावालोग, जिला – चतरा
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
दोनों आरोपियों के विरुद्ध सदर थाना कांड संख्या 13/2026, दिनांक 29.01.2026 के तहत धारा 17(b)/22(b)/29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।














