श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान आर्मी लगातार सीमा पर गोलीबारी कर रही है। लगातार दसवें दिन भी यह सीजफायर का उल्लंघन जारी रहा। भारतीय सेना के मुताबिक मुताबिक 3 और 4 मई की आधी रात में पाकिस्तानी आर्मी ने कुपवाड़ा, बारामूला, पुंछ, राजौरी, मेंढर, नौशेरा, सुंदरबनी, उरी और अखनूर से लगती लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) पर फायरिंग की। पाकिस्तान आर्मी पोस्ट से स्मॉल आर्म फायर किए गए, जिसका भारतीय सेना ने उचित जवाब दिया। हालांकि हल्के हथियारों से की गई इस गोलीबारी की वजह से किसी के हताहत या घायल होने की जानकारी नहीं है।
पिछले दस दिनों में पाकिस्तान आर्मी की तरफ से किया गया यह संभावित सबसे बड़ा सीजफायर उल्लंघन था, जिसमें एक साथ कई पाकिस्तानी चौकियों ने हिस्सा लिया। पहलगाम आतंकी हमले के बाद 24 अप्रैल की रात से पाकिस्तान ने एलओसी पर हर रात फायरिंग शुरू की।