PAK vs BAN: ढाका में खेले गए वनडे सीरीज के तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले में बांग्लादेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 11 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही बांग्लादेश ने तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और आखिरी ओवरों तक परिणाम अनिश्चित बना रहा।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 290 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज तंजिद हसन ने शानदार शतक जड़ा। उन्होंने 107 गेंदों पर 107 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें कई आकर्षक चौके और छक्के शामिल रहे। उनके अलावा लिटन दास ने 41 रन और तौहिद हृदय ने 48 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम के स्कोर को मजबूत आधार दिया।
पाकिस्तान की ओर से गेंदबाजी में मारिस रऊफ सबसे सफल रहे। उन्होंने 3 विकेट झटके, जबकि शाहीन अफरीदी और अबरार अहमद को एक-एक विकेट मिला।
291 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने सिर्फ 17 रन के स्कोर पर अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए। इसके बाद भी विकेटों का गिरना जारी रहा और 82 रन तक पहुंचते-पहुंचते पाकिस्तान के पांच बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। हालांकि इसके बाद सलमान अली आगा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम की उम्मीदें जिंदा रखीं। उन्होंने पहले साद मसूद के साथ 79 रन की साझेदारी की। इसके बाद फहीम अशरफ के साथ 48 रन और शाहीन अफरीदी के साथ 52 रन की अहम साझेदारी कर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचा दिया। सलमान आगा ने शानदार शतक लगाते हुए 106 रन बनाए, लेकिन 48वें ओवर में उनके आउट होते ही मैच का रुख बदल गया। इसके बाद बांग्लादेशी गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा और पाकिस्तान की पूरी टीम को 279 रन पर समेट दिया।
बांग्लादेश की जीत में गेंदबाजों की भी अहम भूमिका रही।
तस्कीन अहमद ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 49 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं मुस्तफिजुर रहमान ने 3 विकेट लिए। इसके अलावा नाहिद राणा को 2 विकेट और रिशाद हुसैन को 1 सफलता मिली।














