July 26, 2026

पलामू: अवैध संबंध में रोड़ा बन रहे बेटे की पिता ने की हत्या, प्रेमिका के साथ गिरफ्तार

Picsart_24-10-18_11-15-08-097.jpg

पलामू: अवैध संबंध में रोड़ा बन रहे पुत्र को पिता ने मौत के घाट उतार दिया। घटना के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी पिता और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल टांगी गांव के माइंस के गड्ढे के पानी से बरामद किया गया। वहीं घटना में संलिप्त अन्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है।

जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत खामडीह के पूर्णाडीह टोला में सकेन्द्र साव (24) की धारदार हथियार से हत्या कर दी गयी थी। इस संबंध में मृतक की मां ने लेस्लीगंज के रजहरा की रहने वाली बेबी देवी (31) के खिलाफ एफआइआर दर्ज करायी थी। इस हत्याकांड में पिता पर भी संदेह था। पुलिस ने मौके से पिता को हिरासत में लिया था और पूछताछ के बाद 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा किया।

एसडीपीओ मणिभूषण प्रसाद ने बताया कि सरेश साव और बेबी देवी के बीच पांच वर्ष से अवैध संबंध था। बेबी भी शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। उसके पति का पिछले पांच साल से कोई जानकारी नहीं है। इस अवैध संबंध का सकेन्द्र विरोध करता था। कई बार मारपीट भी हुई थी। घटना वाली रात भी सकेन्द्र और उसके पिता के बीच विवाद हुआ था। लगातार विवाद और विरोध के कारण बेबी और सरेश ने मिलकर सकेन्द्र की हत्या की योजना बनायी। इस घटना में दो अन्य लोगों को भी शामिल किया गया। 14-15 अक्टूबर की रात पिता दो अन्य सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचा और फिर उसने बेटे के सिर पर टांगी से कई बार वार किया और मौत के घाट उतार दिया।

ख़बर को शेयर करें।