पलामू: जिले के पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत कारीहार गांव में शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कारीहार गांव के समीप दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक पर सवार सभी चार लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को आनन-फानन में मेदिनीनगर स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद ओमप्रकाश राम और रामशरण दास को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान पड़वा निवासी ओमप्रकाश राम और मनातू चक निवासी रामशरण दास के रूप में हुई है। वहीं घायलों में रामशरण दास की पोती अनु कुमारी और पांकी थाना क्षेत्र के रनेभरी गांव निवासी गुड्डू राम के पुत्र विकास कुमार शामिल हैं। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि एक बाइक पर ओमप्रकाश राम, रामशरण दास और अनु कुमारी सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर विकास कुमार अकेले सवार था। वह अपनी नानी के घर कारीहार आया हुआ था और वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कारीहार गांव के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
पुलिस ने घटना की सूचना मृतकों और घायलों के परिजनों को दे दी है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।













