
नई दिल्ली/पलामू: पलामू संसदीय क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर सांसद विष्णु दयाल राम ने नई दिल्ली स्थित रेल भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान सांसद ने क्षेत्र में रेल संपर्क को बेहतर बनाने तथा आधारभूत संरचनाओं के विकास से जुड़ी विभिन्न मांगों को रेल मंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने शेरघाटी-छतरपुर-कजरी नई रेल लाइन के निर्माण को स्वीकृति प्रदान किए जाने पर रेल मंत्री का आभार भी जताया।
सांसद ने कहा कि शेरघाटी-छतरपुर-कजरी रेल परियोजना के शुरू होने से पलामू सहित आसपास के क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी। इससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि रेल संपर्क का विस्तार क्षेत्र के विकास और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
बैठक के दौरान सांसद ने पलामू की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आग्रह किया। उन्होंने रेल मंत्री के समक्ष कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे।
गढ़वा रोड और जपला में वैगन मेंटेनेंस सुविधा की मांग
सांसद ने गढ़वा रोड और जपला रेलवे स्टेशन के आसपास मेगा वैगन मेंटेनेंस सुविधा के साथ पीओएच-आरओएच वर्कशॉप स्थापित करने की मांग की। उनका कहना था कि इस प्रकार की बड़ी रेलवे कार्यशाला स्थापित होने से रेलवे की परिचालन क्षमता बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध होंगे। इससे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार मिलने के साथ पलायन रोकने में भी मदद मिलेगी।
संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस का परिचालन शीघ्र शुरू करने का आग्रह
सांसद ने रेलवे बोर्ड से स्वीकृत 18061/18062 संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस का डालटनगंज-गढ़वा मार्ग से परिचालन शीघ्र शुरू करने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन का परिचालन शुरू होने से पलामू और गढ़वा क्षेत्र के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी।
अंबिकापुर-रामानुजगंज-गढ़वा रेल लाइन में बड़गढ़ और भंडरिया को जोड़ने की मांग
प्रस्तावित अंबिकापुर-रामानुजगंज-गढ़वा रेल लाइन के संरेखण में बड़गढ़ और भंडरिया को शामिल करने का आग्रह भी सांसद ने किया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों को रेल संपर्क से जोड़ने से लंबे समय से विकास की मुख्यधारा से अपेक्षाकृत दूर रहे इलाकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। रेल लाइन के विस्तार से स्थानीय लोगों के आवागमन के साथ व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
गढ़वा टाउन से रांची के लिए सुबह-शाम मेमू ट्रेन चलाने की मांग
सांसद ने गढ़वा टाउन से डालटनगंज और गढ़वा रोड होते हुए रांची के लिए सुबह और शाम मेमू ट्रेन चलाने का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने कहा कि नियमित मेमू सेवा शुरू होने से दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और छोटे व्यापारियों को काफी सुविधा मिलेगी।
दो प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग
इसके अलावा सिंगरौली-पटना एक्सप्रेस (13349/13350) का सिगसिगी स्टेशन पर तथा गरीब रथ एक्सप्रेस (12877/12878) का ऊंटारी रोड और हैदरनगर रेलवे स्टेशन पर ठहराव देने की मांग की गई। सांसद ने कहा कि इन स्टेशनों पर ट्रेनों का ठहराव होने से आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को लंबी दूरी की रेल यात्रा के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।
एलएचएस और आरयूबी में स्थायी जल निकासी व्यवस्था की मांग
सांसद ने क्षेत्र में निर्मित और निर्माणाधीन सभी एलएचएस (लो हाइट सबवे) तथा आरयूबी (रोड अंडर ब्रिज) में स्थायी जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में इन स्थानों पर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे आम लोगों के आवागमन में परेशानी होती है। स्थायी जल निकासी की व्यवस्था से इस समस्या का समाधान किया जा सकता है।
नगर ऊंटारी-भवनाथपुर मार्ग पर एलएचएस के स्थान पर आरओबी का आग्रह
विशेष रूप से नगर ऊंटारी-भवनाथपुर मार्ग पर निर्मित एलएचएस के स्थान पर आरओबी (रोड ओवर ब्रिज) बनाए जाने की संभावनाओं पर विचार करने का आग्रह सांसद ने रेल मंत्री से किया। उन्होंने क्षेत्र की भौगोलिक और यातायात संबंधी परिस्थितियों को देखते हुए इस दिशा में आवश्यक पहल करने की बात कही।
सांसद विष्णु दयाल राम ने बताया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ सभी विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि पलामू संसदीय क्षेत्र से संबंधित इन मांगों पर रेलवे स्तर पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रेल सुविधाओं का विस्तार होने से पलामू, गढ़वा और आसपास के इलाकों के लोगों को आवागमन, रोजगार, व्यापार और आर्थिक विकास के क्षेत्र में व्यापक लाभ मिलेगा।






