झारखंडपलामू

पलामू:स्वास्थ्य सेवाओं की कमी के चलते महिला की हुई मौत, परिजनों ने पंचायत में स्वास्थ्य उपकेंद्र की मांग

ख़बर को शेयर करें

पलामू :-हुसैनाबाद प्रखंड के महुदंड पंचायत में स्वास्थ्य सेवाओं की गंभीर कमी के चलते एक आदिवासी महिला की दुखद मौत हो गई। सरस्वती देवी, जो तीन दिन पहले ही एक बच्चे को जन्म दे चुकी थी, अत्यधिक रक्ताल्पता के कारण स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव में दम तोड़ गई।

यह मामला समाजिक कार्यकर्ता गुड्डू पाल द्वारा उजागर किया गया, जिन्होंने सरकार की लचर स्वास्थ्य व्यवस्था और हुसैनाबाद अनुमंडल अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों की लापरवाही पर कड़ी नाराज़गी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि अनुमंडल अस्पताल में डॉक्टरों की भारी कमी है, और जो कर्मी उपलब्ध हैं, वे भी अपने कर्तव्यों के प्रति गंभीर नहीं हैं।

महुदंड पंचायत के ग्रामीण मनोज पासवान ने भी इस दुःखद घटना पर गहरा अफसोस जताते हुए कहा कि महुदंड में स्वास्थ्य उपकेंद्र की सख्त जरूरत है। उन्होंने कहा, “हर चुनाव के समय बड़े-बड़े नेता,सांसद और विधायक यहां आकर वादे करते हैं, लेकिन जीतने के बाद वे इस पंचायत की तरफ मुड़कर भी नहीं देखते। चुनावी वादे महज दिखावा बनकर रह जाते हैं।

“महुदंड पंचायत क्षेत्र की स्थिति यह है कि यहां से सबसे नजदीकी अनुमंडलीय अस्पताल लगभग 20 किलोमीटर दूर है। इस दूरी के चलते मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता, जिससे कई बार स्थिति गंभीर हो जाती है और जानलेवा साबित होती है।ग्रामीण उदय यादव ने बताया कि समय पर इलाज न मिल पाने के कारण ही सरस्वती देवी की मौत हुई है। उन्होंने कहा, “अगर महुदंड में स्वास्थ्य उपकेंद्र होता, तो इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सकता था।

” ग्रामीणों ने पलामू के उपायुक्त और सीएस से तत्काल महुदंड में एक स्वास्थ्य उपकेंद्र स्थापित करने की मांग की है, ताकि आदिवासी, दलित, गरीब और पिछड़े वर्गों को समय पर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।यह घटना महुडंड पंचायत में स्वास्थ्य सेवाओं की अत्यधिक आवश्यकता को रेखांकित करती है और यह जरूरी है कि प्रशासन इस दिशा में जल्द कदम उठाए। अन्यथा स्वास्थ्य सेवाओं की कमी के कारण सुदूरवर्ती क्षेत्रों में लोगों के मरने का सिलसिला यूं ही चलता रहेगा।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।