गोड्डा: झारखंड के गोड्डा जिले से अंधविश्वास की एक बेहद भयावह घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। देवडांड थाना क्षेत्र में डायन-बिसाही के शक में एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग सहमे हुए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार सुबह की बताई जा रही है। कुछ ग्रामीणों ने एक परिवार पर जादू-टोना करने का आरोप लगाया था। इसी शक के आधार पर आरोपियों ने अचानक परिवार पर हमला बोल दिया।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने धारदार हथियारों का इस्तेमाल करते हुए ताबड़तोड़ वार किए, जिससे पति-पत्नी और 12 वर्षीय बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की क्रूरता इतनी अधिक थी कि आसपास मौजूद लोग भी दहशत में आ गए और किसी की हिम्मत बीच-बचाव करने की नहीं हुई।
हत्या को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही देवडांड थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल से सबूत जुटाने का काम जारी है।
फिलहाल पुलिस आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।













