---Advertisement---

‘पापा मुझे बचा लो…’, बेटे की लड़ाई छुड़ाने गए बाप की गोली मारकर हत्या, शादी की सालगिरह पर मातम

On: February 19, 2026 8:31 AM
---Advertisement---

नई दिल्ली: दिल्ली के नंद नगरी इलाके से एक खौफनाक घटना सामने आई है, जहां अपने नाबालिग बेटे को बचाने पहुंचे एक पिता को हमलावरों ने गोली मार दी। बेटे की आंखों के सामने पिता की मौत हो गई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

मंगलवार शाम 10वीं कक्षा में पढ़ने वाला 15 वर्षीय किशोर तहजीम ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहा था। रास्ते में ए-2 ब्लॉक स्थित एक बड़े स्कूल के पास उसने देखा कि कुछ युवक उसके तीन दोस्तों के साथ मारपीट कर रहे हैं। तहजीम जब बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपियों ने उसे भी पकड़ लिया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।

हमलावरों की पिटाई से घबराए तहजीम ने तुरंत अपने पिता मोहम्मद उमरदीन (35) को फोन किया और मदद की गुहार लगाई। बेटे की आवाज सुनते ही उमरदीन अपनी पत्नी राबिया के साथ मौके पर पहुंचे और झगड़ा शांत कराने की कोशिश की।
आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने पिस्टल निकालकर पहले हवा में कई राउंड फायर किए और फिर सीधे उमरदीन के सीने में गोली दाग दी। गोली लगते ही उमरदीन लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घायल अवस्था में उमरदीन को तत्काल गुरु तेग बहादुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम टीम मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया है।

घटना के दिन उनकी शादी की 17वीं सालगिरह मनाई जानी थी। घर में जश्न की तैयारी थी, लेकिन खुशियां मातम में बदल गई। मृतक की पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस मामले में हत्या की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। किशोर, उसके दोस्तों और अन्य प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के बाद कुछ संदिग्धों की पहचान हुई है।

दिल्ली पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं और लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now