
दूसरे सेमीफाइनल में कैप्टन सलीमा टेटे एकादश ने धनुर्धर दीपिका कुमारी एकादश को 27 रनों से दी शिकस्त
2 से 6 नवंबर तक बोड़ाम में आयोजित हो रहा है PBPL सीजन-2, पुरुष वर्ग की 10 टीमें ले रही है हिस्सा
मिक्स जेंडर क्रिकेट से पटमदा-बोड़ाम के गांवों में गूंज रहा है जेंडर समानता का संदेश
बोड़ाम / पटमदा / जमशेदपुर : पटमदा बोडाम प्रीमियर लीग 2026 का शानदार आगाज सोमवार को सुदूर प्रखंड बोड़ाम के दिघी भुला उच्च +2 विद्यालय ग्राउंड पर हो गया। मुकाबलो में इलाके के 10 पुरुष टीमें हिस्सा ले रही है।

टूर्नामेंट का फाइनल शुक्रवार 6 नवंबर को खेला जाएगा। वही पीबीपीएल मिक्स जेंडर क्रिकेट U-16 फाइनल की तस्वीर भी अब साफ हो गई है। मिक्स जेंडर क्रिकेट में समाज को बालक बालिका जेंडर समानता का सन्देश देने हेतु बालक बालिकाओ की मिश्रित टीम एक साथ मैच खेलती है। गांव के खेल मैदान पर जब लड़के और लड़कियां एक ही टीम में कंधे से कंधा मिलाकर खेलते हैं, तो असमानताओ से भरे समाज में सामाजिक समानता की एक नई मजबूत तस्वीर देखने को मिलती है।

एस एस पटमदा+2 उच्च विद्यालय मैदान पर खेले गए दूसरे मिक्स जेंडर सेमीफाइनल में कैप्टन सलीमा टेटे एकादश ने धनुर्धर दीपिका कुमारी एकादश को 27 रनों से पराजित कर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की कर ली । इस मुकाबले में कैप्टेन सलिमा टेटे XI ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित सात ओवरों में एक विकेट के नुकसान पर 73 रन बनाए। टीम की ओर से भक्त रंजन महतो ने 25 गेंदों पर 30 रन बनाए, जबकि रूपाली महतो ने महज चार गेंदों पर तीन चौकों की मदद से नाबाद 13 रन जोड़े।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी धनुर्धर दीपिका कुमारी XI की टीम निर्धारित सात ओवरों में चार विकेट खोकर महज 46 रन ही बना सकी। सलिमा टेटे XI की ओर से विधान करमाकर, प्रतिमा महतो, सुलेखा महतो और धनिवाला महतो ने एक-एक विकेट हासिल किया। मैच के दौरान पटमदा क्रिकेट कमिटी के अमर दास, आशीष ओझा एवं विवेक दत्ता ने अम्पायर की भूमिका निभाई, वही बोडाम क्रिकेट कमिटी के वृंदावन महतो, फिल्मकार प्रकाश केशरी एवं निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक तरुण कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे।

अब 6 नवम्बर को होने वाले पीबीपीएल मिक्स जेंडर क्रिकेट U-16 फाइनल में कैप्टेन सलीमा टेटे XI और ओलंपियन जयपाल सिंह मुंडा XI के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। पहले सेमीफाइनल मुकाबले में ओलंपियन जयपाल सिंह मुंडा XI ने उपविजेता पर्वतारोही विनीता सोरेन XI को 10 रनों से हराकर पहले फाइनलिस्ट बने थे। पीबीपीएल 2026 के मुकाबलों का सीधा प्रसारण यूट्यूब पर किया जा रहा है। इसे लेकर मिक्स जेंडर क्रिकेट टीम के बच्चे खास तौर पर उत्साहित है। जिससे उनके घरों में बैठे अभिभावक और परिचित उन्हें फाइनल मैच खेलते हुए देख सकेंगे।

संयोग की बात है कि जनवरी 2026 में पटमदा में आयोजित मिक्स जेंडर विलेज क्रिकेट लीग 2026 की चैंपियन धनुर्धर दीपिका कुमारी XI और उपविजेता पर्वतारोही विनीता सोरेन XI, दोनों टीमें अपने अपने सेमीफाइनल मुकाबले हार कर टूर्नामेंट से बाहर हो गई। वही उन दिनों टूर्नामेंट के लीग चरण में ही बाहर हो चुकी दोनों टीमें फाइनल में जा पहुंची है। यह घटना बच्चों को एक सुखद संदेश देती है कि कोई भी परीक्षा, कोई भी मुकाबला आखिरी नहीं होता, हम कभी असफल भी रह गए, तो लगातार अनुशासन, प्रैक्टिस और टीम वर्क से अपने परिणाम में मनचाहा सुधार भी कर सकते है, जीवन में आगे बढ़ सकते है।
*मिक्स जेंडर क्रिकेट के माध्यम से सामाजिक बदलाव की पहल*
बताते चलें कि झारखंड की धरती पर 2018 में निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक तरुण कुमार के द्वारा शुरू की गई मिक्स जेंडर क्रिकेट की पहल अब देश-दुनिया में चर्चा बटोर रही है। उन दिनों महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने भी मिक्स जेंडर क्रिकेट की सराहना की थी। तरुण कुमार को सचिन के ऑटोग्राफ वाली बैट ट्रॉफी पुरस्कार में मिली थी। अब कई संगठन व संस्थाएं मिक्स जेंडर क्रिकेट आयोजित कर रहे है। इस पहल का उद्देश्य लोकप्रिय खेल क्रिकेट के माध्यम से बालक-बालिकाओं के बीच समानता, आपसी सम्मान, सहयोग और नेतृत्व की भावना विकसित करना है।
मिक्स जेंडर क्रिकेट के साथ बच्चों को माहवारी स्वच्छता, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक एकता और नेतृत्व विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति भी जागरूक करने, काउंसलिंग का प्रयास किया जाता है। कोशिश है कि ग्रामीण क्षेत्रों में लड़कियों का मनोबल बढ़े और वे भी लड़कों की तरह ही शिक्षा, खेल तथा समाज के हर क्षेत्र में आगे आएं। जिससे निकट भविष्य में स्कूलों की तरह ही गांव के खेल मैदानों पर भी लड़कियों की पहुंच और भागीदारी सुनिश्चित हो तथा खेल अवसरों में, समाज में किसी तरह का लैंगिक भेदभाव व्याप्त ना रहे। इसतरह झारखंड के पटमदा-बोड़ाम, गालूडीह व तमाड़ के गांवों में आयोजित हो रहे मिक्स जेंडर क्रिकेट मुकाबले सामाजिक बदलाव का बड़ा संदेश समाज को दे रहे है।





