गढ़वा: जिले में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में रामनवमी, ईद एवं सरहुल पर्व संपन्न कराने को लेकर समाहरणालय भवन के सभागार में उपायुक्त गढ़वा दिनेश यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमन कुमार समेत जिले के अन्य वरीय पदाधिकारी, विभिन्न प्रखंडों से आए जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
बैठक में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी पर्वों को आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। शांति समिति के सदस्यों ने भी भरोसा दिलाया कि जिले में हमेशा से सभी धर्मों के लोग मिलजुलकर त्योहार मनाते आए हैं और आगे भी इसी परंपरा को कायम रखेंगे। उपायुक्त ने इस पर संतोष व्यक्त करते हुए गढ़वा को सौहार्द का उदाहरण बनाए रखने का आह्वान किया।

त्योहारों के दौरान विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। साथ ही फायर स्टेशन को अलर्ट रहने को कहा गया। नगर परिषद गढ़वा, नगर पंचायत नगर उंटारी एवं मंझिआंव को साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
रामनवमी के दौरान मांस एवं मदिरा की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है। साथ ही सर्वोच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालय के निर्देशों के आलोक में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके स्थान पर पारंपरिक वाद्य यंत्र एवं सामान्य साउंड सिस्टम के उपयोग की अनुमति होगी। सभी आयोजकों एवं नागरिकों से निर्धारित एसओपी का पालन करने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी तुरंत प्रशासन या नजदीकी थाना को दें। त्योहारों के दौरान साइबर सेल भी सक्रिय रहेगा।
रामनवमी जुलूस के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़ रहेगी और बड़े वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। साथ ही पेट्रोलिंग, धारा 107 के तहत कार्रवाई और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी।
किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों से टोल फ्री नंबर 112 पर सूचना देने की अपील की गई है। प्रशासन द्वारा अनुमंडल, प्रखंड, पंचायत और ग्राम स्तर पर भी शांति समिति की बैठक आयोजित कर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक समाप्त हुई।













