The dead woman's body. Focus on hand
जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। हावड़ा ब्रिज के सामने स्थित भारत पेट्रोल पंप पर सीएनजी भरने के दौरान 24 वर्षीय कर्मचारी तुषार खामरी गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, तुषार पेट्रोल पंप पर सीएनजी भरने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक सीएनजी पाइप फट गया और तेज दबाव के कारण पाइप का नोजल उछलकर तुषार के सिर के पिछले हिस्से से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह मौके पर ही दूर जा गिरा।
हादसा होते ही पेट्रोल पंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों की मदद से घायल तुषार को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
तुषार सोनारी का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि उसकी शादी करीब दो महीने बाद होने वाली थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और शादी की तैयारियों के बीच अचानक मातम छा गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद गोलमुरी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के पीछे सीएनजी पाइप फटने की वास्तविक वजह क्या थी और क्या पंप पर सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन किया जा रहा था, इसकी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाल रही है। वहीं, मामले में पेट्रोल पंप संचालक का पक्ष सामने नहीं आया है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी से जुड़ी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




