
मोगादिशु: सोमालिया के पंटलैंड तट के पास सोमवार को हथियारों और संवेदनशील संचार उपकरणों से लदे एक कार्गो जहाज को समुद्री लुटेरों ने हाईजैक कर लिया। कैमरून के झंडे वाले M/V LUTUF को सोमवार को पंटलैंड के ईल जिले में मर्राया से करीब साढ़े तीन समुद्री मील दूर कब्जे में लिया गया। इसके बाद समुद्री लुटेरे जहाज को नुगाल तट की ओर ले गए।
सोमाली अधिकारियों के मुताबिक, जहाज पर करीब आठ समुद्री लुटेरों ने कब्जा किया था। बाद में वे जहाज को पंटलैंड के डांगोरोयो जिले में गरमाल के पास समुद्र तट की ओर ले गए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एक सोमाली अधिकारी ने नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर घटनाक्रम की जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार, M/V LUTUF पर हथियारों के अलावा संचार और सैटेलाइट से जुड़े उपकरण भी लदे हुए थे। बताया जा रहा है कि ये हथियार मोगादिशु स्थित तुर्की के सैन्य प्रशिक्षण केंद्र के लिए भेजे जा रहे थे। जहाज का स्वामित्व पोलर मूवमेंट शिपिंग के पास बताया गया है। जहाज के अपहरण के बाद घटनाक्रम पर नजर रखने के लिए तुर्की के स्वामित्व वाले दो जहाज भी इलाके में पहुंचे। इसके साथ ही तुर्की ने निगरानी के लिए हेलिकॉप्टर और ड्रोन भी तैनात किए।
हाईजैक किए गए जहाज पर कुल 10 लोग सवार थे। इनमें छह भारतीय नागरिक, एक तुर्की का नागरिक, एक जॉर्जियाई नागरिक और दो सर्बियाई सुरक्षा गार्ड शामिल हैं। हालांकि, फिलहाल चालक दल के सदस्यों की स्थिति को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
मंगलवार को एक छोटी नाव में सवार दो लोग हाईजैक किए गए जहाज के पास पहुंचे। अधिकारी के अनुसार, इन लोगों ने जहाज पर ‘खैट’ पहुंचाई। सोमालिया में ‘खैट’ एक ऐसा उत्तेजक पदार्थ है, जिसे आमतौर पर चबाया जाता है। बताया गया कि छोटी नाव के वापस तट की ओर लौटने के बाद इलाके में हवाई हमला हुआ। इस हमले में चार लोगों के मारे जाने और दो अन्य के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
हालांकि, हवाई हमले की परिस्थितियां अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं। यह हमला किसने किया, मारे गए लोगों का जहाज के अपहरण से वास्तव में कोई संबंध था या नहीं और हमले के बाद जहाज पर मौजूद चालक दल तथा हथियारों और अन्य उपकरणों की क्या स्थिति है। इन सवालों पर फिलहाल आधिकारिक तौर पर स्थिति साफ नहीं हुई है। जहाज के चालक दल की सुरक्षा और हथियारों की मौजूदा स्थिति को लेकर तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट होने में अभी समय लग सकता है।






