नई दिल्ली: बांग्लादेश के आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की बड़ी जीत के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। पार्टी अध्यक्ष तारिक रहमान 17 फरवरी को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं।
शपथग्रहण कार्यक्रम को लेकर अंतरिम सरकार की ओर से 13 देशों के प्रमुखों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों को आमंत्रण भेजा गया है। दक्षिण एशिया की राजनीति में बांग्लादेश की भूमिका को देखते हुए इस समारोह पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की भी नजर बनी हुई है।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी औपचारिक निमंत्रण भेजा गया था, लेकिन व्यस्त कार्यक्रम के चलते वे इसमें शामिल नहीं हो पाएंगे। उनकी जगह भारत का प्रतिनिधित्व लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे।
विदेश मंत्रालय का आधिकारिक बयान
भारत के विदेश मंत्रालय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि लोकसभा स्पीकर 17 फरवरी को ढाका पहुंचेंगे और नई चुनी हुई सरकार के शपथग्रहण समारोह में भारत सरकार की ओर से भाग लेंगे। मंत्रालय के अनुसार, इस स्तर का प्रतिनिधित्व भारत और बांग्लादेश के बीच मजबूत लोकतांत्रिक संबंधों और गहरी दोस्ती का प्रतीक है। बयान में कहा गया कि भारत साझा इतिहास, संस्कृति और पारस्परिक सम्मान के आधार पर बांग्लादेश के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करना चाहता है। साथ ही, तारिक रहमान के नेतृत्व में बनी नई सरकार का स्वागत करते हुए यह भी कहा गया कि उन्हें जनता का व्यापक समर्थन प्राप्त हुआ है।












