
झारखंड वार्ता
गढ़वा। जिले के डंडई थाना क्षेत्र के कराके गांव में करीब एक माह पूर्व हुई चोरी की घटना का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, उसकी निशानदेही पर गढ़वा, रमना और मेराल की तीन ज्वेलरी दुकानों से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। इसके अलावा नाबालिग के घर से भी आभूषण और नकदी बरामद हुई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से शुक्रवार, छह नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, डंडई थाना क्षेत्र के कराके गांव निवासी रसीदा बीबी, पति शहाबुद्दीन अंसारी के घर का ताला तोड़कर चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण और 25 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। इस मामले में डंडई थाना कांड संख्या 135/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 और 331(3) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

तीन ज्वेलरी दुकानों से मिले आभूषण
पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए आभूषण अलग-अलग तिथियों पर गढ़वा स्थित साक्षी ज्वेलर्स, रमना स्थित शुभम ज्वेलर्स और मेराल में ओवरब्रिज के नीचे स्थित एक ज्वेलरी दुकान में बेचे गए थे। पुलिस ने नाबालिग की निशानदेही पर इन दुकानों से आभूषण बरामद किए। इसके साथ ही उसके घर की तलाशी में भी आभूषण और नकदी मिली।
16.81 ग्राम सोना और 225.44 ग्राम चांदी बरामद
पुलिस की ओर से जारी बरामदगी सूची के अनुसार, कुल 16.81 ग्राम सोने जैसा पदार्थ बरामद किया गया है। वहीं, 150.74 ग्राम चांदी जैसा पदार्थ और 74.70 ग्राम वजन की चांदी की एक जोड़ी पायल भी मिली है। इस तरह चांदी से संबंधित सामान का कुल वजन 225.44 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा 3,200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
छापेमारी अभियान में डंडई थाना प्रभारी अनिमेष शांताकारी, पुलिस अवर निरीक्षक श्रीकांत कुमार, सहायक अवर निरीक्षक कृष्णा कुमार प्रसाद सहित थाना के चालक और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस के अनुसार, नाबालिग को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।







