{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":["local"],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"transform":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
गढ़वा: रमना बाजार स्थित प्राचीन शिवालय के समीप शनिवार को आवासीय भवन निर्माण के लिए नींव की खुदाई के दौरान जमीन के अंदर से एक पुरानी लोहे की तिजोरी मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। तिजोरी मिलने की खबर फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रमना थाना पुलिस ने तिजोरी को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित रख लिया है।
जेसीबी से खुदाई के दौरान भारी वस्तु से टकराया बकेट
बताया गया कि शिवालय के समीप स्थित जमीन पर भवन निर्माण के लिए जेसीबी से नींव की खुदाई कराई जा रही थी। इसी दौरान जेसीबी का बकेट जमीन के भीतर किसी भारी लोहे की वस्तु से टकराया। मशीन रोककर जब आसपास की मिट्टी सावधानीपूर्वक हटाई गई तो जमीन के अंदर एक पुरानी लोहे की तिजोरी दिखाई दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खुदाई के दौरान जेसीबी के झटके से तिजोरी का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त भी हुआ है। तिजोरी काफी पुरानी और जंग लगी हुई नजर आ रही है।
तिजोरी के अंदर क्या है, अभी रहस्य बरकरार
प्राचीन शिवालय के समीप जमीन के अंदर से तिजोरी मिलने के बाद स्थानीय लोगों में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे काफी पुराना मान रहे हैं, जबकि इसके संभावित ऐतिहासिक महत्व को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं।
हालांकि, तिजोरी की वास्तविक उम्र, उसके स्रोत और उसके अंदर मौजूद सामग्री के बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। तिजोरी के अंदर क्या है, यह भी अभी स्पष्ट नहीं है।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खोली जाएगी तिजोरी
अंचल पदाधिकारी विकास पांडेय ने बताया कि बरामद तिजोरी को फिलहाल पुलिस अभिरक्षा में सुरक्षित रखा गया है। इसे जल्द ही दंडाधिकारी (मजिस्ट्रेट) की मौजूदगी में नियमानुसार खोला जाएगा। इसके बाद ही तिजोरी के अंदर रखी सामग्री और उसके वास्तविक महत्व की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







