मझिआंव। अवैध बालू खनन एवं परिवहन के विरुद्ध मझिआंव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान चालक पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात मझिआंव थाना प्रभारी अमित कुमार को सूचना मिली कि कोयल नदी से अवैध रूप से बालू का खनन कर उसका परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी के निर्देश पर एसआई संजय मुंडा के नेतृत्व में गश्ती दल ने छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान मझिआंव-बरडीहा मुख्य मार्ग स्थित तलसबरिया बांकी नदी पुल के पास बालू लदा एक ट्रैक्टर पकड़ा गया। पुलिस वाहन को देखते ही चालक ट्रैक्टर छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित रखा है। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने अवैध बालू परिवहन पर की कार्रवाई, बालू लदा ट्रैक्टर जब्त












