
पोटका: पहाड़भांगा नदी में डूबे 20 वर्षीय युवक का शव बरामद, NDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
पोटका: पूर्वी सिंहभूम के पोटका थाना क्षेत्र स्थित पहाड़भांगा नदी में रविवार को हुए हादसे के बाद सोमवार को लापता युवक का शव बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान जमशेदपुर के टेल्को निवासी 20 वर्षीय राजू सिंह के रूप में हुई है। करीब एक दिन तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद NDRF की टीम और स्थानीय गोताखोरों ने शव को नदी से बाहर निकाला।
जानकारी के मुताबिक, राजू रविवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ पहाड़भांगा नदी के पास पिकनिक मनाने पहुंचा था। उसके साथ मुकेश सिंह, प्रमोद कुमार, राजेश कुमार, संजीव कुमार और वीरेंद्र सिंह भी मौजूद थे।
पिकनिक के दौरान राजू अपने दो दोस्तों मुकेश और राजेश के साथ नदी में नहाने के लिए उतर गया। इसी दौरान वह नदी के गहरे हिस्से में चला गया और पानी के बहाव में डूबने लगा। राजू को बचाने की कोशिश में मुकेश भी गहरे पानी में पहुंच गया, लेकिन किसी तरह वह बाहर निकलने में सफल रहा। वहीं राजू का कुछ पता नहीं चल सका।
रात में रोकना पड़ा तलाशी अभियान
घटना की जानकारी मिलते ही पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से रविवार को ही नदी में युवक की तलाश शुरू की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण रात में अभियान रोकना पड़ा।
सोमवार को NDRF की टीम ने स्थानीय गोताखोरों के साथ मिलकर दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद राजू का शव नदी से बरामद कर लिया गया।
चेतावनी के बावजूद नदी में उतरा था युवक
पुलिस के अनुसार, पहाड़भांगा नदी में पहले भी डूबने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। हादसों को देखते हुए स्थानीय स्तर पर नदी के आसपास चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और लोगों को पानी में नहीं उतरने की हिदायत दी जाती है।
इसके बावजूद नदी में नहाने के लिए उतरना राजू के लिए घातक साबित हुआ। शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में मातम पसर गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की आगे की कार्रवाई की जा रही है।




