
झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। चेंबर ऑफ कॉमर्स, श्री बंशीधर नगर के नवनियुक्त पदाधिकारियों और नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों के बीच बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यवसायियों को बैंकिंग सुविधाओं का लाभ दिलाने, उनकी समस्याओं को दूर करने तथा बैंक और व्यवसायियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर चर्चा हुई।
बैठक में चेंबर पदाधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों से व्यवसायियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही व्यवसाय के विस्तार में बैंकिंग सुविधाओं की भूमिका पर चर्चा करते हुए कहा कि कई बार वित्तीय संसाधनों की कमी के कारण व्यवसायियों को कारोबार बढ़ाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में बैंकों की ओर से बेहतर सहयोग मिलने से व्यवसायियों को राहत मिल सकती है और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
व्यवसायियों की समस्याओं के समाधान का भरोसा
बैठक में उपस्थित विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों ने व्यवसायियों को बैंकिंग सेवाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान में हरसंभव सहयोग करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी असुविधाओं को दूर करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि व्यवसायियों को अपने कारोबार के संचालन में परेशानी नहीं हो।
चेंबर पदाधिकारियों ने कहा कि बैंक प्रबंधकों के साथ इस तरह की बैठक का उद्देश्य व्यवसायियों को उपलब्ध बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी देना और उन्हें इन सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करना है। बैंक और व्यवसायियों के बीच बेहतर तालमेल रहने से व्यापारिक गतिविधियों को गति मिल सकती है।
कई बैंकों के अधिकारी हुए शामिल
बैठक में भारतीय स्टेट बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की पुरैनी एवं पाल्हे शाखा, झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक, केनरा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, बंधन बैंक और एक्सिस बैंक के शाखा प्रबंधक शामिल हुए।
इस अवसर पर चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव चंद्र प्रकाश, पूर्व अध्यक्ष शंभूनाथ सौदागर, राहुल जायसवाल मिक्की, कमलेश कुमार, संजय कांस्यकर, ओम प्रकाश चौबे, राजन सोनी, कमलेश कुमार, विनोद कांस्यकर, प्रेम सोनी,डब्लू चंद्रवंशी सहित अन्य व्यवसायी उपस्थित थे।







