मझिआंव (गढ़वा)। नगर पंचायत स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सह रेफरल अस्पताल में पिछले लगभग एक वर्ष से ब्लड जांच की सुविधा बंद रहने से क्षेत्र के मरीजों, विशेषकर गरीब एवं ग्रामीण परिवारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में पहले सीबीसी, हीमोग्लोबिन, मलेरिया, टाइफाइड सहित अन्य आवश्यक ब्लड जांच की सुविधा उपलब्ध थी, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को समय पर जांच और उपचार मिल जाता था।
वर्तमान में जांच सुविधा बंद रहने के कारण मरीजों को निजी पैथोलॉजी केंद्रों का सहारा लेना पड़ रहा है, जहां जांच कराने में अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है। कई जरूरतमंद परिवार आर्थिक तंगी के कारण समय पर जांच नहीं करा पा रहे हैं, जिससे इलाज में देरी होने की आशंका बनी रहती है।
गौरतलब है कि यदि रेफरल अस्पताल में पूर्व की तरह ब्लड जांच की सुविधा पुनः शुरू हो जाए तो क्षेत्र के हजारों मरीजों को राहत मिलेगी और उन्हें आवश्यक जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन से अस्पताल में ब्लड जांच सेवा जल्द बहाल करने की मांग की है, ताकि आम जनता को सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का पूरा लाभ मिल सके।
मझिआंव रेफरल अस्पताल में एक वर्ष से ब्लड जांच सेवा बंद, मरीजों की बढ़ी परेशानी












