सिल्ली: कला संस्कृति एवं साहित्य की अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती की रांची जिला ग्रामीण इकाई का रविवार को गठन किया गया। इसको लेकर संस्कार भारती के प्रांतीय अध्यक्ष डा सुशील अंकन एवं महासचिव संजय श्रीवास्तव की देखरेख में सिल्ली के प्रेम वाटिका में कलाकारों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राजा पुष्पेंद्र नाथ सिंहदेव ने की। भारत माता के पूजन एवं ध्येय गीत से कार्यक्रम की शुरुआत की गई। सर्व सम्मति से राजा पुष्पेंद्र नाथ सिंहदेव संस्कार भारती रांची जिला ग्रामीण इकाई के अध्यक्ष बनाए गए। विष्णु गिरि को मंत्री एवं सरोज सिंह को कोषाध्यक्ष बनाया गया। इसके बाद राजा पुष्पेंद्र नाथ सिंहदेव अब रांची जिला ग्रामीण इकाई के विधा संयोजकों के नामों की घोषणा करेंगे। इनमें दृश्य कला, प्रदर्शन कला, लोक कला एवं प्राचीन कला की घोषणा होगी। बैठक के दौरान कलाकारों ने झूमर समेत कई लोक कलाओं की प्रस्तुति की। शांति मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। इस मौके पर काफी संख्या में कलाकार मौजूद थे।