
जमशेदपुर। बागुनहातु स्थित श्री श्री शिव शीतला माता मंदिर परिसर में रविवार, 20 सितंबर 2026 को छत्तीसगढ़ी सेवा संस्था की तिमाही आम बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विचार-विमर्श हुआ।
बैठक के दौरान श्री श्री शिव शीतला माता मंदिर परिसर में श्रीराम दरबार की स्थापना को लेकर चर्चा की गई। इसके अलावा संस्था की ओर से पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों के आय-व्यय का विस्तृत ब्योरा सदस्यों एवं पदाधिकारियों के समक्ष रखा गया।
बैठक में आगामी नवरात्रि पर्व के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम को बेहतर तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियों और जिम्मेदारियों पर चर्चा करते हुए सदस्यों से सुझाव लिए गए।
इस अवसर पर सीपी समाज के अध्यक्ष रूपेश साहू, महासचिव कन्हैया साहू, उपाध्यक्ष रामअवतार साहू, रामनाथ ठाकुर, महिला अध्यक्ष श्रीमती शशि साहू, पिंकी निषाद सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में समाज के लोगों ने आपसी सहयोग और सहभागिता के साथ आगामी धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया।




