लातेहार: जिले के गारु प्रखंड के मायापुर पंचायत स्थित पहाड़कोचा में सरकारी योजनाओं में अनियमितताओं का मामला सामने आया है। पहाड़कोचा में निर्माणाधीन चहारदीवारी में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माण कार्य में 8 एमएम के कमजोर छड़, घटिया ईंट और खराब सीमेंट का उपयोग हो रहा है।
इसके अलावा, योजना स्थल पर कोई सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है, जिससे परियोजना की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने इस लापरवाही और भ्रष्टाचार की शिकायत संबंधित विभागों से करने की मांग की है।
प्रशासन कब लेगा संज्ञान?
लोगों का कहना है कि सरकारी योजनाओं में लापरवाही और भ्रष्टाचार आम हो गया है। यदि समय रहते अधिकारियों ने हस्तक्षेप नहीं किया, तो यह निर्माण लंबे समय तक टिक नहीं पाएगा और जनता के पैसों की बर्बादी होगी।
क्या होगी कार्रवाई?
अब देखने वाली बात होगी कि क्या संबंधित अधिकारी इस मामले की जांच करेंगे या फिर यह भी अन्य सरकारी योजनाओं की तरह भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाएगा। स्थानीय जनता ने प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है।