
रांची। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में बड़ी बरामदगी हुई है। मुरला पहाड़, हेहल स्थित अमन स्टोर में छापेमारी के दौरान पुलिस ने अलग-अलग ब्रांड की कुल 114 बोतल और केन शराब जब्त की। इस मामले में दुकान की संचालिका पूर्णिमा कुमारी (34) को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अमन स्टोर में शराब का कारोबार किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद सुखदेवनगर थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मंगलवार को दुकान पर अचानक दबिश दी।
तलाशी के दौरान दुकान के भीतर अलग-अलग ब्रांड की शराब मिली। पुलिस ने जब बरामद शराब से संबंधित लाइसेंस और अन्य वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, तो संचालिका ऐसा कोई कागजात नहीं दिखा सकी। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में भी वह शराब रखने और बिक्री से संबंधित कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी।
इसके बाद पुलिस ने शराब को जब्त करते हुए पूर्णिमा कुमारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और उसे गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जब्त शराब को नियमानुसार सील कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
छापेमारी अभियान में एसआइ संतोष कुमार यादव, राहुल कुमार मेहता, सुचिन कुमार मिश्रा, महिला आरक्षी ममता इन्दु, रूपमनी सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।




