राष्ट्रिय

हमसफ़र एक्सप्रेस में रेलवे कर्मचारी ने किशोरी को छेड़ा, यात्रियों ने उतारा मौत के घाट

कानपुर: बरौनी से नई दिल्ली जा रही 02563 हमसफर एक्सप्रेस के एसी कोच में छेड़खानी करने वाले रेलवे कर्मचारी प्रशांत कुमार (34) को यात्रियों ने पीट-पीट कर मार डाला। लखनऊ एशबाग से शुरू हुई मारपीट कानपुर सेंट्रल तक होती रही। कानपुर सेंट्रल पर जीआरपी ने उसे हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी प्रशांत कुमार (34) रेलवे में ग्रुप डी कर्मचारी था। उसे आश्रित कोटे से नौकरी मिली थी।मुजफ्फरपुर में ही उसकी तैनाती थी। वह दिल्ली जाने के लिए मंगलवार देर रात सीवान से हमसफर (क्लोन स्पेशल) एक्सप्रेस में जनरल टिकट पर सवार हो गया। टीटी ने पेनाल्टी लेकर उसका एसी का टिकट बना दिया था। इसी कूपे की सीट नंबर 41 और 42 पर गुरुग्राम निवासी परिवार भी सफर कर रहा था। देर रात 11:30 बजे करीब किशोरी को प्रशांत ने बहला-फुसलाकर अपनी सीट पर बैठा लिया। आरोप है इसी दौरान उसने किशोरी के साथ छेड़छाड़ की। विरोध जताने पर आरोपी ने उसे धमकाया। किशोरी डरी सहमी चुपचाप बैठी रही। कुछ देर बाद मां संग टॉयलेट गई, फिर उसने आपबीती सुनाई।

पीड़ित किशोरी ने मां को घटना की जानकारी दी तो उसने परिजनों और अन्य यात्रियों को बताया। इस पर आक्रोशित भीड़ ने पीटना शुरू कर दिया। ट्रेन बुधवार तड़के 4:35 बजे कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंची जहां जीआरपी ने उसे हिरासत में ले लिया। वह थाने तक पैदल गया। पीड़िता की मां ने जीआरपी थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। हिरासत में लेने की बात सुनते ही उसकी तबीयत बिगड़ गई। दोपहर 12 बजे के करीब उसे एंबुलेंस से केपीएम अस्पताल भेजा गया। दोपहर 2.05 बजे डॉ. सरोजनी सिंह मेडिकल के लिए पहुंची तब तक उसका शरीर ठंडा पड़ गया था। ईसीजी में कोई हरकत न देखकर दोपहर 3.10 बजे उसे मृत घोषित कर दिया गया।

ख़बर को शेयर करें।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।