रांची: जिले के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में आज कांटाटोली–सिरमटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर के निर्माण कार्य की प्रगति को लेकर एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में फ्लाईओवर निर्माण से जुड़े सभी संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने फ्लाईओवर निर्माण की वर्तमान स्थिति, भू-अर्जन, ट्रैफिक प्रबंधन, यूटिलिटी शिफ्टिंग तथा भवन हटाने से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की और कार्य में तेजी लाने का स्पष्ट निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कांटाटोली–सिरमटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर शहर की यातायात व्यवस्था के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है और इसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुल 12 भवनों के वैल्यूएशन निर्धारण की जानकारी दी गई।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि भवनों की शिफ्टिंग की प्रक्रिया शीघ्रातिशीघ्र पूरी की जाए। इस पर संबंधित पदाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि उक्त सभी भवनों को एक सप्ताह के भीतर शिफ्ट कर दिया जाएगा।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की अनावश्यक बाधा न आए और आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर भी प्रभावी योजना लागू करने पर जोर दिया।
जिला प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि परियोजना से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं नियमों के अनुरूप तेजी से पूरी की जा रही हैं और निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा हो सके।
बैठक में नगर प्रशासक श्री सुशांत गौरव, पुलिस अधीक्षक (नगर) श्री पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री राकेश सिंह, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) श्री राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री कुमार रजत, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री के.के. राजहंस, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती उर्वशी पांडेय सहित पथ निर्माण एवं भवन निर्माण विभाग के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।














