
रांची: बरियातू थाना क्षेत्र के मंडा बगीचा में रविवार देर रात करीब दो बजे शराब पार्टी के दौरान आपसी विवाद के बाद गोलीबारी हो गई। घटना में टोनी लोहरा नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके पेट में लगी है। घायल युवक मूल रूप से रातू थाना क्षेत्र के कमड़े का रहने वाला बताया जा रहा है।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल टोनी लोहरा को इलाज के लिए रिम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
शराब पीने के दौरान हुआ विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार देर रात मंडा बगीचा में कई युवक एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर युवकों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनाई दी।
गोली लगने के बाद टोनी लोहरा गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग वहां पहुंचे, लेकिन तब तक गोलीबारी में शामिल अन्य युवक मौके से फरार हो चुके थे।
पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
गोलीबारी की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी और बरियातू थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस अब गोलीबारी में शामिल युवकों की पहचान करने में जुटी है। संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी भी शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही घटना के प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है।
असामाजिक तत्वों का अड्डा बनने का आरोप
स्थानीय निवासियों का कहना है कि मंडा बगीचा क्षेत्र में देर रात तक असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। यहां अक्सर युवक शराब पीने के लिए जमा होते हैं। लोगों ने पुलिस से इलाके में नियमित गश्त बढ़ाने और देर रात होने वाली ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। गोलीबारी के पीछे का वास्तविक कारण और इसमें शामिल लोगों की पहचान जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।





