रांची: चान्हो थाना क्षेत्र स्थित आनंदशीला आश्रम में हुए दोहरे हत्याकांड में शामिल चार अपराधियों को पुलिस ने 12 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। घटना चान्हो के आनंदशीला आश्रम में बुधवार की देर रात हुई है। जहां आश्रम के एक साधु सहित दो की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। चान्हो थाना क्षेत्र स्थित आनंदशीला आश्रम के साधु मुकेश साह और राजेंद्र यादव हत्याकांड में शामिल चार अपराधियों को पुलिस ने 12 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। इनमें जितेन्द्र यादव उर्फ छोटू, अरविंद यादव, सूरज पाहन और अफरोज अंसारी हैं। दो अपराधी अभी भी फरार हैं। गिरफ्तार अपराधियों के पास से आश्रम से लूटे गए रुपए, चांदी की चेन और हथियार आदि बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में यह मामला लूटपाट से जुड़ा लग रहा है।हत्या के वास्तविक कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।