July 26, 2026

रांची अपडेट: आज 4 घंटे रहेगी बिजली कटौती, जानें लोकेशन, टैगोर हिल के पास लगे वेंडर, झारखंड हिंदी न्यूज

रांची के प्लांडू और अरविंद मिल फीडर से जुड़े कई इलाकों में रविवार को चार घंटे तक बिजली नहीं रहेगी. रिम्स में मैमोग्राफी मशीन शुरू होने जा रही है और मोरहाबादी के दुकानदारों को टैगोर हिल के पास नई जगह दी गयी है.

रविवार को रांचीवासियों के लिए कई अहम अपडेट हैं. एक तरफ शहर के कई इलाकों में चार घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी, वहीं दूसरी तरफ रिम्स में महिलाओं के लिए ब्रेस्ट कैंसर की जांच की आधुनिक सुविधा शुरू होने जा रही है. इसके अलावा मोरहाबादी मैदान से हटाए गए फुटपाथ दुकानदारों को टैगोर हिल के पास नई जगह पर बसाया गया है.

आज इन इलाकों में 4 घंटे तक बिजली नहीं रहेगी

बिजली विभाग के अनुसार प्लांडू और अरविंद मिल 11 केवी फीडर रविवार को सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक बंद रहेंगे. इस दौरान प्लांडू, सरवाल, जामचुआं, राजाउलातु, अरविंद मिल और आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी. विभाग ने बताया कि निर्धारित तकनीकी कार्यों के कारण यह शटडाउन लिया जा रहा है. लोगों से अपील की गई है कि वे इस दौरान अपने जरूरी काम पहले ही निपटा लें.

रिम्स में अब मैमोग्राफी जांच की सुविधा मिलेगी

रिम्स के रेडियोलॉजी विभाग में अत्याधुनिक मैमोग्राफी मशीन स्थापित की गयी है. इसका औपचारिक उद्घाटन 21 जुलाई को गवर्निंग बॉडी की बैठक के दौरान होगा। मशीन के लॉन्च होने के बाद महिलाओं में स्तन कैंसर का जल्द पता लगाना पहले की तुलना में आसान हो जाएगा। इससे मरीजों को जांच के लिए निजी अस्पतालों और डायग्नोस्टिक सेंटरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।

रिम्स प्रबंधन का कहना है कि अगर शुरुआती दौर में स्तन कैंसर का पता चल जाए तो इलाज की सफलता की संभावना काफी बढ़ जाती है. इसलिए नियमित जांच बहुत जरूरी है।

टैगोर हिल के पास स्ट्रीट वेंडर बस गए

रांची नगर निगम ने मोरहाबादी मैदान से हटाये गये फुटपाथ दुकानदारों को टैगोर हिल के पास 45 डिसमिल जमीन पर बसाया है. इस दौरान निगम की टीम ने वेंडरों से भी बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं.

गौरतलब है कि नगर निगम ने बुधवार और शनिवार को मोरहाबादी मैदान के पास लगने वाले बाजार पर कार्रवाई करते हुए दुकानदारों को हटा दिया था. इसके विरोध में फुटपाथ दुकानदारों ने निगम कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया. अब निगम द्वारा वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने के बाद दुकानदारों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Source link

ख़बर को शेयर करें।

You may have missed