
धनबाद: शहर के वासेपुर में भुली मोड़ इलाके में सोमवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया। अज्ञात हमलावरों ने गैंगस्टर फहीम खान के भाई सानू खान को निशाना बनाकर फायरिंग की। घटना में सानू खान के अलावा सद्दाम नामक युवक के भी घायल होने की सूचना है। गोली लगने के बाद घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सानू खान और सद्दाम किसी काम से भूली मोड़ क्षेत्र पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने दोनों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। ताबड़तोड़ गोलियों की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
घटनास्थल से मिले 8 खोखे
गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान आठ खोखे बरामद किए हैं। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
फायरिंग के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल सानू खान और सद्दाम को अस्पताल पहुंचाया गया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, एक घायल का इलाज असर्फी अस्पताल और दूसरे का सदर अस्पताल में चल रहा है।
हमलावरों की तलाश में पुलिस की छापेमारी
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद भुली मोड़ और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।







