तेज प्रताप यादव की गिरफ्तारी पर राजद ने की कड़ी आलोचना, सम्राट चौधरी सरकार पर उठाए सवाल
राजद झारखंड (ईटीवी भारत)
रांची: झारखंड राष्ट्रीय जनता दल ने पड़ोसी राज्य बिहार में जनशक्ति जनता दल सुप्रीमो तेज प्रताप यादव की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की है. पार्टी ने पूरे मामले को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और एनडीए सरकार का तानाशाही कदम करार दिया है.
राजद के प्रदेश प्रवक्ता कैलाश यादव ने विस्तृत प्रेस बयान जारी कर पार्टी का स्पष्ट रुख रखा. उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक मामले और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर देशभर में चल रहे छात्र आंदोलन के दौरान छात्र नेताओं और केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों के बीच आपसी सहमति बनी थी. इस समझौते में स्पष्ट रूप से निर्णय लिया गया कि सभी आंदोलनकारी छात्रों के खिलाफ दर्ज पुलिस मामले वापस ले लिए जाएंगे और किसी भी छात्र के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
कैलाश यादव ने कहा कि इस समझौते के बावजूद पटना में छात्रों द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम का समर्थन करने के आरोप में तेज प्रताप यादव को गिरफ्तार करना न सिर्फ असंवैधानिक है बल्कि बेहद तानाशाही कदम भी है. उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी कुर्सी जाने के डर से बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तेज प्रताप यादव को निशाना बनाया है और उन्हें गिरफ्तार कराया है.
राजद नेता ने आगे कहा कि जंतर-मंतर पर लाखों छात्रों के प्रदर्शन के बाद जब केंद्र सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच समझौता हुआ कि छात्रों की तीनों प्रमुख मांगें मान ली गई हैं और देश भर के सभी छात्रों पर दर्ज पुलिस केस वापस ले लिए जाएंगे, तब बिहार सरकार द्वारा दिल्ली में हुए इस समझौते को पूरी तरह से नजरअंदाज करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और वादाखिलाफी का स्पष्ट उदाहरण है.
कैलाश यादव ने कहा, “बीजेपी और उसके सहयोगियों का चरित्र है कि वे छात्रों के आंदोलन को दबाने के लिए विपक्षी नेताओं को निशाना बनाते हैं. तेज प्रताप यादव बिहार सरकार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं और उन्होंने छात्रों के जायज आंदोलन का समर्थन किया था, जिसकी सजा उन्हें गिरफ्तारी के रूप में मिली है.”
राजद प्रवक्ता ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि अगर बिहार सरकार तुरंत तेज प्रताप यादव की रिहाई सुनिश्चित नहीं करती है, तो राष्ट्रीय जनता दल पूरे बिहार और झारखंड सहित देश के विभिन्न हिस्सों में बड़े पैमाने पर सड़क पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी. उन्होंने कहा कि राजद छात्रों के साथ खड़ा है और उनके हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेगा.
यह भी पढ़ें:
तेज प्रताप यादव 14 दिनों के लिए बेउर जेल भेजे गए, NEET मामले में प्रदर्शन के बाद देर रात हुई कार्रवाई
राजद ने छात्र आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगा
केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर रांची में JMM-RJD का जोरदार प्रदर्शन, ‘मोदी सरकार’ को बताया छात्र विरोधी
