गढ़वा : गढ़वा-रंका मुख्य मार्ग पर बायोडायवर्सिटी पार्क के समीप शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रंका थाना क्षेत्र के रंका कला स्थित भुइयां टोला निवासी संजय चौधरी के 32 वर्षीय पुत्र पंकज चौधरी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, पंकज चौधरी कहीं घूमकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बायोडायवर्सिटी पार्क के पास एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रंका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है। इधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
गढ़वा-रंका मुख्य मार्ग पर सड़क हादसा: ट्रक की चपेट में आने से 32 वर्षीय युवक की मौत














