
Brics Summit 2026: भारत 12 और 13 सितंबर को ब्रिक्स के 18वें शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने जा रहा है। राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले इस महत्वपूर्ण सम्मेलन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। सदस्य और साझेदार देशों के राष्ट्राध्यक्षों तथा वरिष्ठ अधिकारियों के दिल्ली पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत मंडपम में शिखर सम्मेलन की कार्यवाही का उद्घाटन करेंगे। सम्मेलन में वैश्विक राजनीति और अर्थव्यवस्था से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। यूक्रेन और पश्चिम एशिया में जारी युद्ध, ऊर्जा सुरक्षा और वैश्विक आर्थिक चुनौतियां प्रमुख विषयों में शामिल हो सकते हैं।
पुतिन दिल्ली पहुंचे, शी जिनपिंग की यात्रा पर निगाहें
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन नई दिल्ली पहुंच चुके हैं। एयरपोर्ट पर विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने उनका स्वागत किया। पुतिन ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे. दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय मुद्दों पर बातचीत होगी।
वहीं, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के भी जल्द भारत पहुंचने की उम्मीद है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की भारत यात्रा पर भी सबकी नजर है। वर्ष 2019 के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा होगी।
शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विभिन्न देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी होने की संभावना है। इन बैठकों में द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है।
दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था सख्त
ब्रिक्स सम्मेलन में कई देशों के शीर्ष नेताओं के शामिल होने को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कई स्तरों पर मजबूत की गई है। मध्य दिल्ली से लेकर हवाई अड्डे, प्रमुख होटलों और भारत मंडपम को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्गों पर सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है।
विदेशी राष्ट्राध्यक्षों और उनके प्रतिनिधिमंडलों की आवाजाही को देखते हुए राजधानी के कई हिस्सों में यातायात प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन लागू किए गए हैं। महत्वपूर्ण स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के साथ सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हैं।
भारत मंडपम में होंगी मुख्य बैठकें
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मुख्य बैठकें भारत मंडपम में आयोजित की जाएंगी। विदेशी नेताओं और उनके प्रतिनिधिमंडलों के ठहरने के लिए दिल्ली के प्रमुख होटलों में विशेष सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं।
भारत की मेजबानी में होने वाला यह सम्मेलन ऐसे समय में हो रहा है, जब दुनिया भू-राजनीतिक तनाव, ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक अनिश्चितताओं जैसी कई चुनौतियों से जूझ रही है। ऐसे में ब्रिक्स सम्मेलन से वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण संदेश सामने आने की उम्मीद है।




