
विदेशी मुद्रा खरीदने, विदेश पैसे भेजने और फॉरेक्स कार्ड रीलोड की सुविधा
जमशेदपुर:भारत कनेक्ट पर अब अमेरिकी डॉलर के अलावा यूरो, ब्रिटिश पाउंड, कनाडाई डॉलर, स्विस फ्रैंक और यूएई दिरहम में भी फॉरेक्स सेवाएं मिलेंगी। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के डिप्टी गवर्नर रोहित जैन ने गुरुवार को ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (जीएफएफ) 2026 में मल्टी-करेंसी सुविधा की शुरुआत की। फिलहाल इसे सॉफ्ट लॉन्च के तौर पर शुरू किया गया है। परीक्षण और आकलन के बाद सुविधा को भारत कनेक्ट के अन्य चैनलों और साझेदार बैंकों तक विस्तार देने की योजना है।
नई सुविधा के तहत ग्राहक विदेशी मुद्रा खरीदने, विदेशों में पैसे भेजने और फॉरेक्स कार्ड में दोबारा राशि लोड कराने जैसी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। उन्हें एफएक्स-रिटेल की लाइव दरों, पारदर्शी मूल्य निर्धारण और आसान डिजिटल बुकिंग की सुविधा मिलेगी। लेन-देन की पूर्ति ग्राहक के चुने हुए रिलेशनशिप बैंक के माध्यम से होगी।
सीसीआईएल के एमडी नंद किशोर ने कहा, आज का लॉन्च रिटेल विदेशी मुद्रा सेवाओं को सभी बाजार प्रतिभागियों के लिए अधिक सुलभ, सुविधाजनक और समावेशी बनाने की हमारी प्रतिबद्धता में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि भारत कनेक्ट से जुड़ने पर डिजिटल चैनलों के जरिये रिटेल फॉरेक्स सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।
एनबीबीएल की एमडी एवं सीईओ नूपुर चतुर्वेदी ने कहा, भारत कनेक्ट पर मल्टी-करेंसी फॉरेक्स सुविधा की शुरुआत ग्राहकों को अधिक विकल्प प्रदान करती है। सॉफ्ट लॉन्च में मोबिक्विक, भीम, बॉब वर्ल्ड, पीएनबी, फेडरल बैंक, एसबीआई और एक्सिस बैंक के चैनल शामिल हैं।




