झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर शुक्रवार को स्थानीय जलक्रांति भवन में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के तत्वावधान में “रोजी-रोटी” विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं ने रोजगार, श्रमिक अधिकार और वर्तमान सामाजिक-आर्थिक स्थिति पर अपने विचार रखे।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए मार्क्सवादी चिंतक सह विचारक कामरेड शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि उदारीकरण और मशीनीकरण के दौर में पारंपरिक रोजगार के साधनों पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने मजदूर दिवस के इतिहास और वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता पर विस्तार से चर्चा करते हुए समाज में घटती बंधुता और भाईचारे पर चिंता जताई। साथ ही उन्होंने वनों की कटाई और बढ़ते प्रदूषण को भी गंभीर मुद्दा बताया।
पूर्व विधायक सह इंटक महासचिव राज राजेंद्र प्रताप देव ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि रोजगार के अवसर लगातार घट रहे हैं और बेरोजगारी बढ़ रही है। उन्होंने क्षेत्र में रोजगार सृजन के लिए बंद पड़े तुलसी डामर डोलोमाइट खदान को चालू कराने तथा राज्य सरकार से खनन की स्वीकृति देने की मांग की।
सेवानिवृत्त शिक्षक रविशंकर कुमार ने कहा कि गढ़वा जिला कृषि प्रधान क्षेत्र है, लेकिन 13 करोड़ की लागत से बनी सोन-कनहर पाइपलाइन सिंचाई परियोजना का 90 प्रतिशत कार्य पूरा होने के बाद भी उसे बंद कर दिया गया है। उन्होंने शेष कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की, ताकि किसानों को सिंचाई सुविधा मिल सके और रोजगार के अवसर बढ़ें।
भाकपा जिला सचिव रामेश्वर प्रसाद अकेला ने जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा को रोजगार से जोड़ते हुए इसे संरक्षित रखने की जरूरत बताई। कांग्रेस सेवा दल के जिला मुख्य संगठक ईश्वरी चौधरी ने कहा कि मजदूर दिवस श्रमिकों के सम्मान का दिन है और उनके योगदान को याद करने का अवसर भी।
गोष्ठी में सीताराम जायसवाल, देवीदयाल मेहता, एसयूसीआई के शिवकुमार सिंह, भरदुल चंद्रवंशी सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में राजद के प्रदेश महासचिव अभय कुमार पांडेय, उपेंद्र मिश्रा, राजकुमार राम, नौरंगी पाल, मुन्ना राम, विद्या पासवान, सुनील कुमार, अनुराग पटेल समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रामेश्वर प्रसाद अकेला ने की, जबकि संचालन व धन्यवाद ज्ञापन भाकपा राज्य परिषद सदस्य विनोद ठाकुर ने किया।













