पलामू: जिले के पड़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलियाही गांव में शनिवार देर रात मॉब लिंचिंग की दर्दनाक घटना सामने आई है। बैटरी चोरी के शक में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस द्वारा दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मृतक की पहचान मुरमा गांव निवासी मनोज राम के पुत्र पवन राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गांव में खड़े एक ट्रैक्टर से बैटरी चोरी करने की आशंका पर कुछ ग्रामीणों ने युवक को हालत में पकड़ लिया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और बिना किसी पुष्टि के युवक की पिटाई शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक को रस्सी से बांध दिया गया और लाठी-डंडों, लात-घूंसों से जमकर पीटा गया। सूचना मिलने पर पड़वा थाना पुलिस देर रात मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर तत्काल इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के मुताबिक शरीर पर गंभीर चोट के कई निशान मिले हैं, जिससे साफ है कि युवक को बुरी तरह पीटा गया था।
घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और मॉब लिंचिंग में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।














