---Advertisement---

श्री बंशीधर नगर: ब्याहुत कलवार समाज ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष व वार्ड पार्षदों को किया सम्मानित

On: March 23, 2026 2:31 PM
---Advertisement---

श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत चचेरिया स्थित अलका मैरेज गार्डेन के सभागार में रविवार की शाम ब्याहुत कलवार समाज के तत्वावधान में नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।

समारोह का शुभारंभ समाज के कुलदेवता भगवान श्रीबलभद्र जी के समक्ष अध्यक्ष साधना देवी, रवि प्रकाश, जोखू प्रसाद, अजय प्रसाद गुप्ता, भरत भूषण प्रसाद एवं कामेश्वर प्रसाद द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया।


इसके पश्चात नवनिर्वाचित अध्यक्ष साधना देवी, वार्ड पार्षद रंजन कुमार छोटू एवं नीरज कुमार को बुके, फूलमाला, अंगवस्त्र, मोमेंटो तथा भगवान बंशीधर जी की तस्वीर देकर सम्मानित किया गया।

स्वागत भाषण देते हुए समाज के संरक्षक जोखू प्रसाद ने कहा कि सम्मान करना हमारी संस्कृति और संस्कारों का प्रतीक है। इससे व्यक्ति का मनोबल बढ़ता है और वह जनकल्याण के कार्यों के लिए प्रेरित होता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि नगर के विकास के लिए निःस्वार्थ भाव से कार्य करेंगे।


इस अवसर पर अध्यक्ष साधना देवी ने कहा कि यह उनके लिए गौरव और खुशी का क्षण है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के विकास, स्वच्छता, शिक्षा, सड़क एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह जीत पूरे नगरवासियों और ईमानदारी की जीत है।


वरिष्ठ समाजसेवी अजय प्रसाद गुप्ता ने कहा कि यह पूरे समाज के लिए गर्व और सम्मान का क्षण है कि आज श्री बंशीधर नगर का नेतृत्व हमारे समाज के हाथों में आया है। उन्होंने इसके लिए नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने जो विश्वास जताया है, उसके लिए समाज हमेशा कृतज्ञ रहेगा। कहा कि नवीन नेतृत्व से नगर के विकास को नई दिशा मिलेगी। हमें विश्वास है कि अध्यक्ष साधना देवी जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगी।

अश्विनी कुमार ने कहा कि यह केवल जीत नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है, जिसे नवनिर्वाचित नेतृत्व पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि समाज से जुड़े जनप्रतिनिधि सभी वर्गों को साथ लेकर नगर के समग्र विकास के लिए कार्य करेंगे। युवा वर्ग को इस बार काफी उम्मीदें हैं। नगर में साफ-सफाई, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं में सुधार देखने को मिलेगा।

भरत भूषण प्रसाद ने कहा कि समाज द्वारा किया गया यह सम्मान जनप्रतिनिधियों को और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। हमें उम्मीद है कि नगर का समग्र विकास होगा।

रवि प्रकाश बबलू ने अपने संबोधन में कहा कि यह सम्मान सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे समाज के विश्वास और प्रेम का प्रतीक है। उन्होंने ब्याहुत कलवार समाज के सभी सदस्यों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि समाज का यह स्नेह उन्हें जनसेवा के लिए और अधिक प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत की नई टीम पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करेगी। हमारा उद्देश्य केवल विकास नहीं, बल्कि ऐसा विकास करना है जिसमें हर वर्ग, हर मोहल्ला और हर व्यक्ति की भागीदारी सुनिश्चित हो।

मौके पर विभा रानी, विंदु देवी, अश्विनी कुमार, अजय प्रसाद (मुखिया), बैजनाथ प्रसाद, बिरेन्द्र प्रसाद, राजकुमार प्रसाद, सुधीर प्रसाद, ईश्वरी प्रसाद, हरिओम प्रसाद, उमाशंकर प्रसाद, सीताराम जायसवाल, अजय गुप्ता, उमेश प्रसाद, सतीश प्रसाद, जयप्रकाश, मनोज कुमार, बहादुर प्रसाद, राजेश कुमार, दयानंद प्रसाद, पंकज कुमार,सुमित कुमार, शुभम जायसवाल,राहुल कुमार,कृष कुमार सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन देवशंकर प्रसाद एवं धन्यवाद ज्ञापन राजकुमार प्रसाद ने किया।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now